Bareilly : बवाल की साजिश के पीछे कौन-कौन, पुलिस ने शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के आह्वान पर जुमे की नमाज के बाद आई लव मोहम्मद पोस्टर को लेकर विरोध प्रदर्शन कर उपद्रवियों ने जमकर बवाल काटा। पूरे प्रकरण की साजिश में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से कौन-कौन शामिल हैं। इसकी जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। साथ ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पुलिस ने 16 से अधिक उपद्रवियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

नमाज के बाद दो से ढाई बजे तक हालात पूरी तरह से काबू में थे। उसके बाद अचानक लोग हाथ में पोस्टर लिए इस्लामिया की तरफ बढ़ना शुरू कर दिए। बिहारीपुर चौकी से लेकर कोतवाली और नौमहला मस्जिद तक भारी पुलिस फोर्स तैनात थी। हालात काबू करने में काफी देर तक जूझती रही। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के सामने ही नारेबाजी की। पुलिस के लाख समझाने के बाद भी वह नहीं माने और पथराव शुरू कर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ते हुए लाठी चार्ज किया। इसके बाद वहां सन्नाटा पसर गया। इस बीच माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि देखते ही देखते पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया। बड़ी संख्या में तैनात पुलिस फोर्स और अफसर मौके पर डटे रहे। हालात को देखते हुए डीआईजी अजय कुमार साहनी और एसपी सिटी मानुष पारीक भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग की। उनके निर्देशन में पुलिस ने हालात को काबू में किया और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।

आंसू गैस के गोले छोड़ कर लाठी चार्ज कर खदेड़ा भीड़
स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठी चार्ज किया। उपद्रवियों ने दोबारा से पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। भीड़ बार-बार लौट-लौटकर आती रही, लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें तितर-बितर कर दिया। कुछ देर तक इलाका संग्राम भूमि में तब्दील रहा। पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे और फ्लैगमार्च निकालकर इलाके में सख्ती बढ़ा दी। डीआईजी अजय साहनी और एसएसपी अनुराग आर्य ने हालात पर नजर रखते हुए पुलिस बल को निर्देश दिए और हर गली-चौराहे पर पुलिस तैनात कर दी गई। देखते ही देखते पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया।

शहर में अफवाहों ने फैलाई दहशत, बसें भी रोकी गईं
शहमातगंज, कोहाड़ापीर और आसपास के इलाकों से होकर गुजरने वाली रोडवेज बसों का संचालन रोक दिया गया। दुकानों के शटर गिरा दिए गए। भीड़ की हरकतों ने शहर में दहशत फैला दी। पुलिस ने बार-बार घोषणा की कि किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। शहर में उपद्रव की अफवाहों ने बाजार बंद करवा दिया।

एसपी सिटी पर भी किया पथराव, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

नमाज खत्म होते ही महादेव पुल से होते हुए सैकड़ों की संख्या में लोग हाथ में आई लव मुहम्मद लिखे पोस्टर लेकर नौमहला मस्जिद की तरफ बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोका तो सभी ने नारेबाजी शुरू कर दिया। पुलिस उन्हें वापस महादेव पुल के पास लेकर आई। इसी दौरान लोगों को समझा रहे एसपी सिटी मानुष पारीक पर भी उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ते हुए लाठी चार्ज कर सभी को खदेड़ा। पुलिस के तेवर तीखे देखकर सभी उपद्रवी महादेव पुल के नीचे से पीछे की तरफ भागे। पथराव में दो बाइकें भी टूटी हैं।


एसएसपी अनुराग आर्य जनपद में सभी जगह शांति से नमाज अदा करने के बाद लोग अपने-अपने काम को निकल गए। कोतवाली क्षेत्र में कुछ उपद्रवियों ने पथराव कर फायरिंग की। हल्का पुलिस बल का प्रयोग कर सभी को खदेड़ा गया। इस बवाल की साजिश में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से कौन हैं इसकी जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसे किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ें-Bareilly : बवाल के बाद सुमैया राणा को रोका, बोलीं 'मेरी क्या खता मैं तो मुशायरे में आई हूं'

संबंधित समाचार