बलरामपुर : मिट्टी का टीला ढहने से दो मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत, दादी बाल-बाल बचीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरैया सतघरवा/बलरामपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के गिरगिटही गांव में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। धोबैनिया नाला किनारे घास काट रही एक दादी और उसके दो पोते मिट्टी का टीला ढहने से दब गए। ग्रामीणों ने मशक्कत कर दादी को बचा लिया, लेकिन दोनों मासूमों की दम घुटने से मौत हो गई। घटना से गांव में कोहराम मच गया

जानकारी के अनुसार, 70 वर्षीय जैशनाज घास काटने के लिए नाले के किनारे गई थीं। उनके साथ पोते आठ वर्षीय रशीद और छह वर्षीय अरियान भी चले गए। दोनों बच्चे घास काटने में दादी का हाथ बंटा रहे थे। तभी कटान की वजह से नाले के किनारे का बड़ा टीला अचानक भरभरा कर गिर पड़ा और तीनों दब गए। कुछ देर की कोशिश के बाद जैशनाज किसी तरह बाहर निकल आईं और शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया।

ग्रामीणों ने मिट्टी का ढेर हटाकर बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। मृतक बच्चों के चाचा अकराबुल ने बताया कि हादसे के समय उनकी मां और दोनों भतीजे पास ही थे। बच्चों के पिता शफीक का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष हरीश सिंह ने बताया कि फिलहाल घटना की जानकारी थाने तक नहीं पहुंची है।

संबंधित समाचार