अमेठी: पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात गोतस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अमेठी, अमृत विचार: जनपद अमेठी में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रामगंज और स्वाट सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग करते हुए एक कुख्यात गोतस्कर को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके पैर में गोली लगी है।

28 सितंबर र रविवार को रामगंज थाना प्रभारी  कृष्ण मोहन सिंह, स्वाट टीम प्रभारी उ0नि0 अनूप कुमार सिंह और सर्विलांस टीम प्रभारी उ0नि0 दयाशंकर मिश्र अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

भ्रमण के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गत 11/12 सितंबर की रात्रि में गोवंश तस्करी के दौरान पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करने वाले गिरोह के दो सदस्य एक मोटरसाइकिल से ग्राम अग्रेसर से रामगंज की ओर गोतस्करी करने की फिराक में आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवारों ने भागने की कोशिश की, जिससे उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दौरान, एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।

जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल

पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा। उसके बाएं पैर में गोली लगी है, जिससे रक्त बह रहा था। वहीं, उसका दूसरा साथी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। घायल बदमाश की पहचान अनीस पुत्र मल्लू, निवासी बहरौली, थाना लम्भुआ, जनपद सुलतानपुर उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई। अनीस के पास से 1 तमंचा, 1 जिन्दा कारतूस और 1 खोखा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। इसके अलावा, गोतस्करी की घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की सुपर स्पेलेण्डर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पूछताछ में अभियुक्त अनीस ने स्वीकार किया कि वह  11/12 सितम्बर की रात्रि में मवइया मंगरा में हुई गोतस्करी की घटना में शामिल था।

हत्या के प्रयास और गैंगस्टर के मुकदमे

गिरफ्तार अभियुक्त अनीस एक कुख्यात अपराधी है। उसके विरुद्ध जनपद सुलतानपुर और जनपद आजमगढ़ में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, डकैती जैसे गंभीर धाराओं में पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि इस संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार हुए दूसरे साथी की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ेंः TVK Vijay Rally Stampede: तमिनलाडु के करूर में मची भगदड़, 39 की मौत... कई घायल, छलका CM स्टालिन का दर्द, पुलिस ने दर्ज की FIR

संबंधित समाचार