कानपुर : फंदे से लटकता मिला महिला का शव, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मायकेवालों ने कहा, जेठ-जेठानी बेटी को आए दिन करते थे प्रताड़िता

कानपुर, अमृत विचार। नवाबगंज में संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। खबर पाकर पहुंचे मायकेवालों ने जेठ व जेठानी पर हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। मायके वालों की नाराजगी देख पुलिस ने अपनी निगरानी में शव भिजवाया।

नवाबगंज के विष्णुपुरी कालोनी निवासी नरेंद्र कुमार प्राइवेट नौकरी करते हैं। 2012 में उनकी शादी 37 वर्षीय सुषमा कुमारी से हुई थी। दोनों के एक बेटा कुशाग्र और बेटी अक्षिता है। मूलरूप से फिरोजाबाद के जसराना नगलामनी गांव निवासी चरण सिंह ने बताया कि बेटी की शादी को 13 साल हो गए हैं।

आरोप लगाया कि काफी समय से बेटी को उसके जेठ और जेठानी प्रताड़ित कर रहे थे। इसकी जानकारी उन्हें थी, लेकिन बेटी हस्तक्षेप से मना कर रही थी। घर के काम को लेकर उससे आएदिन गाली-गलौज व मारपीट की जाती थी। आरोप लगाय कि सोमवार दोपहर बेटी ने रोते हुए उन्हें फोन करके बताया था कि उनके साथ फिर मारपीट की गई है।

इस पर वह अन्य परिजनों के साथ बेटी के ससुराल आने के लिए निकल पड़े थे। उन्हें पहुंचने में देरी हो गई। जब वह पहुंचे सुषमा का शव जमीन पर पड़ा मिला। ससुर के आरोप का सुषमा के पति नरेंद्र कुमार ने भी समर्थन किया। उसने कहा कि जेठ व जेठानी की प्रताड़ना से उनकी पत्नी परेशान थी। सोमवार को वह ड्यूटी पर थे, तब उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई।

थाना प्रभारी केशव तिवारी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल की है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। मायकेपक्ष का ससुरालियों से कहासुनी भी हुई। परिजनों की नाराजगी देखते पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिसकर्मी मौजूद रहे। शव को भी अपनी निगरानी में सुषमा के पिता को सुपुर्द कर भिजवाया। थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार