Bulandshahr News: प्रेमिका संग कोर्ट मैरिज करने पहुंचे हिस्ट्रीशीटर की हत्या, लड़की के भाइयों ने चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में मंगलवार को कचहरी परिसर में प्रेमिका के साथ कोर्ट मैरिज करने पहुंचे हिस्ट्रीशीटर की युवती के भाइयों ने चाकू से गोद कर हत्या कर दी, और मौके से फरार हो गए। वहीं घटना के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले जांच में जुट गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि बुलंदशहर नगर के ऊपर कोट निवासी नईफ अंसारी नामक हिस्ट्रीशीटर बदमाश नगर की ही गद्दी बिरादरी की एक युवती को दो दिन पूर्व भगाकर ले गया था। आज अपरान्ह वह जज कंपाउंड में कोर्ट मैरिज करने के लिये आया था।

इस दौरान जब वह कुछ कागजों के फोटो स्टेट करवाने के लिए दुकान पर पहुंचा, तभी लड़की के भाइयों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से प्रहार करना शुरु कर दिया। हत्या करने के बाद सभी आरोपी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गये।

पुलिस का कहना है कि हत्यारों की संख्या दो से तीन थी। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिये सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है। उन्होने कहा कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।  

संबंधित समाचार