कानपुर में सिक्योरिटी गार्ड को कंटेनर ने कुचला: पेट्रोल पंप पर शरीर के दाहिनी तरफ पहिया चढ़ने से हुआ हादसा, मृत घोषित
कानपुर, अमृत विचार। चकेरी में पेट्रोल पंप पर सिक्योरिटी गार्ड को कंटेनर ने कुचल दिया। टक्कर लगने से गिरे सिक्योरिटी गार्ड के शरीर के दाहिनी तरह कंटेनर का पहिया चढ़ गया। हादसा देख कर्मियों ने शोर मचाकर कंटेनर रुकवाया और सिक्योरिटी गार्ड को तत्काल हैलट ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खबर पाकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सनिगवां के अन्ना चौराहा निवासी 54 वर्षीय शिवदत्त गुप्ता कोयलानगर स्थित पेट्रोल पंप पर सिक्योरिटी गार्ड थे। पत्नी सूरजकली की 10 साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में दो बच्चे बेटा मनोज व बेटी मोनी है। भाई राम नारायण गुप्ता ने बताया कि सोमवार रात नौ से दस बजे के बीच हादसा हुआ था।
ड्यूटी पर मौजूद शिवदत्त पेट्रोल पंप पर कंटेनर बैक करा रहे थे, तभी चालक की लापरवाही से उन्हें कंटेनर की टक्कर लगी और वहीं गिर गए। इसके बाद भी चालक ने ध्यान नहीं दिया और नीचे गिरे शिवदत्त के शरीर के दाएं हिस्से पर कंटेनर का पहिया चढ़ गया। यह देख पंप कर्मियों ने शोर मचाया और मालिक को सूचना देकर शिवदत्त को हैलट पहुंचाया।
जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राम नारायण के अनुसार हादसे के आधे घंटे बाद उन्हें खबर दी गई। जब वह अस्पताल पहुंचे तो भाई मृत मिला। शव देखकर दोनों बच्चे फफक पड़े। चकेरी थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
