Bareilly : दशहरा पर रेलवे स्टेशनों पर बढ़ेगी सुरक्षा, जीआरपी-आरपीएफ रहेगी तैनात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दशहरा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और संभावित असामाजिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। बरेली समेत मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार त्योहारों पर यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों से लगभग दोगुनी हो जाती है। ऐसे में जेबकतरी, चोरी, महिला उत्पीड़न और संदिग्ध गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। इन परिस्थितियों से निपटने के लिए रेलवे सुरक्षा बलों ने सादी वर्दी में जवानों की तैनाती के साथ-साथ डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता भी सक्रिय कर दिया है। प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, पार्किंग एरिया और आरक्षण केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

आरपीएफ इंस्पेक्टर विनीता कुमारी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी। साथ ही स्टेशन परिसर में बिना टिकट घूमने वालों और संदिग्ध लोगों पर तत्काल कार्रवाई होगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस सामान की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन 139 पर दें।

जीआरपी अधिकारियों ने भी बताया कि महिला यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। इसके लिए महिला पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। ट्रेन में ‘मेरी सहेली’ टीम भी सहयोग देगी। त्योहार पर अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन और नियमित ट्रेनों में भीड़ बढ़ने की संभावना है। इस वजह से आरपीएफ और जीआरपी दोनों ने संयुक्त रूप से विशेष गश्त की योजना बनाई है।

संबंधित समाचार