बरेली इंडस्ट्रियल समिट: 40 युवाओं ने उद्योग लगाने को दिए प्रस्ताव
बरेली,अमृत विचार। बरेली इंडस्ट्रियल समिट कराने की तैयारियां तेज हो गयी हैं। समिट के जरिये सौ दिन सौ उद्योग लगाने की थीम पर युवाओं को उद्योगों से जोड़ने का प्रमुख उद्देश्य है। समिट की चर्चा के बीच युवा भी उद्योग लगाने के लिये आगे आने लगे हैं। 40 युवाओं ने उद्योग लगाने के लिये अपने …
बरेली,अमृत विचार। बरेली इंडस्ट्रियल समिट कराने की तैयारियां तेज हो गयी हैं। समिट के जरिये सौ दिन सौ उद्योग लगाने की थीम पर युवाओं को उद्योगों से जोड़ने का प्रमुख उद्देश्य है। समिट की चर्चा के बीच युवा भी उद्योग लगाने के लिये आगे आने लगे हैं। 40 युवाओं ने उद्योग लगाने के लिये अपने प्रस्ताव उद्योग केंद्र में दिये हैं। इनमें विभिन्न प्रकार के उद्योग लगाने के प्रस्ताव दिये गए हैं।
उपायुक्त उद्योग ऋ षि रंजन गोयल बताते हैं कि इसी सप्ताह समिट की तारीख तय हो जाएगी। नये लोगों को उद्योगों से जोड़ने के लिये यह समिट करायी जा रही है। उम्मीद है कि अभी और युवाओं के प्रस्ताव आएंगे। समिट में युवाओं को एनओसी लेने, कृषि भूमि का लैंड यूज बदलवाने यानि 143 की प्रक्रिया पूरी कराने से लेकर बीडीए, प्रदूषण, श्रम, फायर समेत विभिन्न विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेने समेत कई अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। समिट में संवाद के जरिये फूड, प्लास्टिक और प्लाई इंडस्ट्री के कुशल उद्यमियों से युवाओं को उद्योगों को सफलता की ऊंचाई तक पहुंचाने के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
इधर, जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि कई ऐसे युवाओं ने उद्योग लगाने के लिये संपर्क किया जिनके पास पूंजी नहीं थी। कुछ ऐसे युवाओं ने भी प्रस्ताव दिया है जिनके पास भूमि है।
स्थान चयन को डीएम ने किया उद्योग केंद्र के सभागार का निरीक्षण
जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बरेली इंडस्ट्रियल समिट कराने के लिये स्थान के चयन को लेकर शुक्रवार को उद्योग केंद्र के सभागार का निरीक्षण किया। उन्होंने उपायुक्त उद्योग ऋषि रंजन गोयल से सभागार में लोगों के बैठने के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उपायुक्त उद्योग ने बताया कि सभागार में सौ लोग बैठ सकते हैं। जिलाधिकारी ने कई अन्य बिंदुओं को भी परखा। अभी सभागार को फाइनल नहीं किया है। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि समिट कराने की तारीख तय नहीं हुई है। तारीख तय होने के बाद समिट कराने का स्थान भी फाइनल हो जाएगा।
समिट में इन विभागों को देना है पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन
बरेली विकास प्राधिकरण, लघु, कुटीर एवं मध्यम उपक्रम (एमएसएमई), प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, खाद्य सुरक्षा विभाग, हैंडलूम, बिजली विभाग, उद्योग विभाग, विद्युत सुरक्षा विभाग, श्रम विभाग, फायर विभाग, पर्यटन विभाग, राज्य औद्योगिक विकास निगम को बरेली इंडस्ट्रियल समिट में पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन देना है। प्रेजेंटेशन में सभी विभागों को अपने-अपने विभाग की नीतियां, अनापत्ति प्रमाणपत्र लेने को आवेदन करने का तरीका, नक्शा तैयार कराने के लिये आवेदन, विभागीय योजनाएं समेत अन्य प्रकार की जानकारियों के संबंध में युवाओं को जागरूक करना है। सभी विभागों को पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन तैयार कराने के निर्देश दिये गये हैं।
पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन देने लखनऊ से सुबह पहुंच गये रीजनल मैनेजर
बरेली इंडस्ट्रियल समिट में अपना पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन देने के लिये उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीसीडा) ने अपनी तैयारी कर ली है। गुरुवार शाम कैंप कार्यालय पर डीएम की अध्यक्षता में समिट कराने को लेकर हुई चर्चा में यूपीसीडा के स्थानीय रीजनल मैनेजर संतोष कुमार बाहर होने की वजह से शामिल नहीं हो पाए थे। उन्हें यह मालूम हुआ कि आज उनके विभाग का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन है तो वह सुबह ही लखनऊ से कार से प्रेजेंटेशन देने के लिये बरेली पहुंच गये। यहां पहुंचकर उन्हें मालूम हुआ कि आज किसी कारण प्रेजेंटेशन टल गया है।
