बाराबंकी : खूनी संघर्ष में बदला जमीनी विवाद, जमकर चले लाठी-डंडे, 15 लोग घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। बदोसरांय थाना क्षेत्र के खलसापुर गांव में रविवार को एक पारिवारिक जमीनी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे करीब 15 लोग घायल हो गए, इनमें महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना बदोसरांय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रविवार सुबह हुई। बताया जाता है कि ग्राम खलसापुर निवासी अखिलेश सोनी अपने घर की एक पुश्तैनी दीवार तोड़ रहे थे। इस पर पड़ोसी परिवार के लोगों ने आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। 

संघर्ष में एक युवक के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि कई लोगों के सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में चार वर्षीय बच्ची काजल भी शामिल है। अन्य घायलों में सूरज (35), राजकुमार (50), संतोष (28), राजेश (44), गीता (50), दिव्यांशी (22), नेहा (32), अनूप (28), अखिलेश (35), रवि (18), गोलू, विमला, किरण, मंजू हैं।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार