प्रयागराज : बुझ गया घर का चिराग, फंदे से लटकता मिला छात्र का शव
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रविवार को एक छात्र का शव घर के अंदर कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना गयासुद्दीनपुर मोहल्ले के रहने वाले ज्ञान प्रकाश मिश्रा के घर की है। शिखर मिश्रा (19) परिवार का इकलौता बेटा था। वह कौशांबी के बरौलहा स्थित कमलेश नारायण गिरजादेवी महाविद्यालय में ग्रेजुएशन का छात्र था।
शनिवार की शाम मां नीलम मिश्रा एक रिश्तेदार के यहां गई थीं। घर पर पिता-पुत्र ही थे। शिखर ने पिता के लिए खुद खाना बनाया और खिलाया। इसके बाद अपने कमरे में चला गया। देर रात जब ज्ञान प्रकाश बेटे के कमरे में पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। जब दरवाजा तोड़ा गया, तो शिखर फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग और आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए। शव के नीचे एक कुर्सी रखी थी और पैर ज़मीन को छू रहे थे। परिजन इस आधार पर कह रहे हैं कि यह आत्महत्या नहीं हो सकती। मृतक की मां नीलम मिश्रा ने कहा, वो ऐसा नहीं कर सकता।
धूमनगंज थाना प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया कि मौके से मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पोस्टमॉर्टम और मोबाइल की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
