Bareilly: नगर निगम ने अपनी ही 34 दुकानों के आगे चलाया बुलडोजर, हटाया गया अतिक्रमण
बरेली, अमृत विचार। शहर में बुलडोजर की गरज जारी है, सोमवार को नगर निगम का बुलडोजर किला इलाके के कटघर पहुंचा। यहां नगर निगम की दुकानों के बाहर लोगों ने अतिक्रमण कर लिया था। तीन दिन पहले निगम की तरफ से चेतावनी भी दी गई थी, मगर अतिक्रमण नहीं हटाया गया। अब सोमवार को हटा दिया गया।
किला थाना क्षेत्र के कटघर इलाके में नगर निगम की 34 दुकाने बनी हैं। इन दुकानों के बाहर अस्थाई रूप से अतिक्रमण कर लिया गया था। किसी ने दुकानों के आगे छप्पर ढाल लिया था तो किसी ने दुकान आगे बढ़ा रखी थी। एक के बाद एक निगम ने इस अतिक्रमण को गिराना शुरू किया तो खलबली मच गई।
बरेली में बवाल के बाद नगर निगम और बरेली विकास प्राधिकरण की टीमें लगातार अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर कार्रवाई कर रही हैं। मौलाना के करीबी डॉ. नफीस का बरात घर बुलडोजर से ढहा दिया गया था। सैलानी पर करीब 400 दुकानों के बाहर फैले अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा मौलाना के कई खास लोगों के चार मैरिज लॉन सील किए जा चुके हैं।
सोमवार को निगम ने जो कार्रवाई की उसे भी बवाल से जोड़कर देखा जा रहा है। लोगों के मुताबिक यहां जिन लोगों ने नगर निगम की दुकानों के बाहर अतिक्रमण किया है वह बवाल में शामिल थे। मगर नगर निगम के अधिकारी इसे अतिक्रमण के खिलाफ महज एक नियमित कार्रवाई बता रहे हैं।
