बाराबंकी: विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने दिखाया नवाचार, बोले डीएम- विज्ञान के नवाचार से जीवन हुआ सुविधाजनक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। समग्र शिक्षा (माध्यमिक), बाराबंकी के तत्वावधान में पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, बाराबंकी के राधाकृष्णन सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बतौर मुख्य अतिथि किया।

उन्होंने विज्ञान की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विज्ञान ने जीवन को सरल और सुविधाजनक बना दिया है, जिससे समय की बचत होती है और हम उसका उपयोग अन्य रचनात्मक कार्यों में कर सकते हैं। विद्यालय के स्काउट-गाइड दल ने जिलाधिकारी का रंगारंग स्वागत किया। विज्ञान प्रदर्शनी में जिलाधिकारी ने छात्रों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों का अवलोकन कर प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर छात्रों ने आत्मविश्वास के साथ दिया।

उन्होंने छात्रों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी, विद्यालय के प्रधानाचार्य राधेश्याम, उप प्रधानाचार्य अरविंद प्रकाश त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि का स्वागत स्मृति चिन्ह व बुके भेंट कर किया। स्वागत भाषण में प्रधानाचार्य ने आगंतुकों व प्रतिभागियों का अभिनंदन किया।

विज्ञान प्रदर्शनी में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों द्वारा जूनियर वर्ग में 61 व सीनियर वर्ग में 24 नवाचारपूर्ण मॉडल प्रदर्शित किए गए। प्रमुख मॉडलों में संशोधित बैसाखी, एक्सीडेंट प्रोटेक्शन लिफ्ट, रेन डिटेक्टिव सिस्टम, ब्लाइंड स्टिक, फ्लोटिंग हाउस, होम यूटिलिटी ड्रॉपर, फायर फाइटर व रोबोटिक कार आदि शामिल रहे।

मॉडलों का मूल्यांकन डॉ. संतोष कुमार (राजकीय डिग्री कॉलेज, हसौर), जहीर अहमद, आनंद कुमार यादव व शिखा साहू (डायट, गनेशपुर) द्वारा किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि चयनित मॉडलों को मण्डल स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में डॉ. राहुल सिंह सूर्यवंशी, गुरुदयाल, अनीश कुमार, कृष्ण देव, डॉ. रेनू शुक्ला, गौतम चौधरी, नीलम देवी, राजलक्ष्मी सिंह सहित अनेक शिक्षकों का योगदान रहा। संचालन नेशनल इंटर कॉलेज के प्रवक्ता आशीष पाठक ने किया।

संबंधित समाचार