कानपुर : ससुर ने बहू पर झोंका फायर, पैर व ठोडी पर लगे छर्रे, जानें पूरा मामला
कानपुर, अमृत विचार। खाने में बासी चावल देने से गुस्साए ससुर ने शराब के नशे में लाइसेंसी बंदूक से बहू पर फायर झोंक दिया। ससुर को फायर करते देख जान बचाकर भागी बहू के पैर व ठोडी में छर्रे लगे। आरोपी के बेटे ने घटना की जानकारी गुजैनी पुलिस को दी। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने घायल बहू को हैलट में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए।
वहीं मामले की जांच के बाद पुलिस ने बंदूक कब्जे में ली और आरोपी ससुर को थाने ले गई। मामले में परिजनों ने मंगलवार देर शाम तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। गुजैनी के मर्दनपुर गांव निवासी नंदलाल तिवारी निजी सिक्योरिटी गार्ड हैं। नंदलाल अपने बड़े बेटे सोमदत्त और बहू अराधना के साथ रहते हैं, जबकि पत्नी छोटे बेटे के साथ कानपुर देहात पुखरायां में रहती हैं।
गुजैनी पुलिस ने बताया कि सोमवार रात करीब सवा दस बजे आरोपी नंदलाल शराब के नशे में घर पहुंचे। कुछ देर बाद करीब 10.30 बजे उसने बहू से खाना मांगा तो उसने परोसी थाली ससुर के सामने रख दी। थाली में सुबह का बासी चावला देखकर आरोपी नंदलाल ने चिल्लाना शुरू कर दिया। गाली-गलौज करते हुए बहू को जान से मारने देने की धमकी दी। इसके बाद समीप में रखी लाइसेंसी बंदूक उठाकर उस पर फायर झोंक दिया।
ससुर के धमकाने पर बहू अराधना भी चिल्लाते हुए वहां से जान बचाकर भागी, इसी बीच बंदूक चलने से गोली के छर्रे उसके दाहिने पैर की जांघ और ठोडी पर लगी। इस पर डरी-सहमी अराधना ने भागकर खुद को कमरे में बंद कर लिया। गोली चलने की आवाज सुनकर पहुंचे उसके पति ने पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी अमरनाथ विश्वकर्मा ने बताया कि पुलिस के पहुंचने पर घायल बहू को कमरे से बाहर निकाला और हैलट इलाज के लिए भेज। जांच के बाद बंदूक कब्जे में लेकर आरोपी को थाने ले लाए। उन्होंने बताया कि पहले बहू ससुर को बासी चावल परोसने की बात कह गोली मारने का आरोप लगा रही थी। अब परिजनों के दबाव में वह इसे हादसा बता रही है।
बहू का कहना है कि कमरे में आते समय बंदूक जमीन पर गिरकर अचानक चल गई थी। जिससे गोली चलने से वह वह घायल हो गई है। मंगलवार शाम तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। अगर तहरीर देते हैं तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई पुलिस की ओर से की जा रही है।
