कानपुर की श्रद्धा दीक्षित बनी एक दिन की DM...सुनी जनसमस्याएं, निस्तारण के लिए अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

कानपुर, अमृत विचार। जनपद में हाईस्कूल की परीक्षा में टॉपर रही कुमारी श्रद्धा दीक्षित को उनकी इस उपलब्धि के सम्मान में सांकेतिक जिलाधिकारी के रूप में जिला प्रशासन, कानपुर नगर द्वारा दायित्व सौंपा गया। छात्रा ने अपने काम को बखूबी अंजाम दिया और जनसमस्याओं को पहले समझा और फिर संबंधित अफसरों को उनके निस्तारण के लिए सौंपा। इस दौरान जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह छात्रा के पास ही बैठे सारी कार्रवाई को देखते रहे। 

बुधवार को मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत  आज जनपद कानपुर नगर में एक विशेष आयोजन किया गया जिसमें पारितोष इंटर कॉलेज, हंसपुरम, नौबस्ता की मेधावी छात्रा कुमारी श्रद्धा दीक्षित ने एक दिन की जिलाधिकारी के रूप में कार्य किया। छात्रा श्रद्धा दीक्षित ने वर्ष 2025 की हाईस्कूल परीक्षा में 600 में से 581 अंक (96.83%) प्राप्त कर जनपद में टॉपर का स्थान प्राप्त किया था। एक दिन की जिलाधिकारी के रूप में श्रद्धा दीक्षित ने जनता की शिकायतें सुनीं तथा उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। 

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके उत्साह एवं संवेदनशीलता की सराहना की। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि  “मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक समझ विकसित करना है। श्रद्धा दीक्षित जैसी प्रतिभाशाली बालिकाएं आने वाले समय में समाज और शासन की दिशा निर्धारित करेंगी। इस आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं में नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें  सशक्त नेतृत्व का अनुभव प्रदान करना है।

सांकेतिक जिलाधिकारी ने सुना प्रकरण

जनसुनवाई के दौरान सांकेतिक जिलाधिकारी श्रद्धा दीक्षित के समक्ष मीरपुर छावनी, थाना रेलबाजार निवासी अनीसा पत्नी मोहम्मद सईद द्वारा अपने आवास से संबंधित भूमि विवाद की शिकायत प्रस्तुत की गई। प्रार्थिनी ने बताया कि कुछ स्थानीय व्यक्तियों द्वारा उनके मकान के सामने अवैध रूप से रास्ता बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है तथा विरोध करने पर उन्हें डराया-धमकाया जाता है। 

शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा उचित कार्यवाही नहीं की जा रही है। इसपर सांकेतिक जिलाधिकारी श्रद्धा दीक्षित ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी रेलबाजार को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। इसी प्रकार दर्शनपुरवा समेत कई क्षेत्रों की समस्याओं का निराकरण कराने के लिए सांकेतिक जिलाधिकारी ने आदेश पारित किये।

ये भी पढ़े : 

भारत पेट्रोलियम की पाइप लाइन से तेल चोरी का मामला: करछना इलाके में पंप के नीचे सुरंग बनाकर वारदात को दे रहे थे अंजाम 

संबंधित समाचार