बरेली बवाल :हिंसा की न्यायिक जांच को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विधि संवाददाता,प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट में बरेली में 26 सितंबर को हुई हिंसा, पुलिस लाठीचार्ज और प्रशासनिक बुलडोजर कार्रवाई को लेकर एक जनहित याचिका दाखिल की गई है। हजरत ख्वाजा गरीब नवाज वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव मो. यूसुफ अंसारी की ओर से अधिवक्ता सहर नकवी और मो. आरिफ के माध्यम से दाखिल इस याचिका में घटना की न्यायिक जांच सहित कई महत्वपूर्ण मांगें की गई हैं।

याचिका में कहा गया है कि 26 सितंबर को बरेली में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुए टकराव की जांच जिला जज स्तर के न्यायिक अधिकारी से कराई जाए, साथ ही लाठीचार्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए और बिना कानूनी प्रक्रिया अपनाए की गई बुलडोजर कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए और तोड़फोड़ से हुए नुकसान की भरपाई कराई जाए।

जिन मकानों और दुकानों को सीज किया गया है, उन्हें खोलने का आदेश दिया जाए, जिससे प्रभावित लोगों के रोजगार पर असर न पड़े। फर्जी एफआईआर दर्ज कर निर्दोष लोगों को फंसाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाए।

 

संबंधित समाचार