Moradabad : बिजली कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर किसान यूनियन ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिलारी, अमृत विचार। विद्युत विभाग में बढ़ते भ्रष्टाचार और किसानों के शोषण करने समेत अनेक समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने एसडीओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना दिया। दोपहर बाद एसडीएम विनय कुमार सिंह व पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह ,एसडीओ अवधेश कुमार के आश्वासन के बाद धरना स्थगित किया।

गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन के पूर्व पश्चिम प्रदेश प्रभारी शुभम राठी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान एसडीओ कार्यालय पर पहुंचे । जहां उन्होंने विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा भ्रष्टाचार करने और किसानों का शोषण करने के आरोप में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। पूर्व पश्चिम प्रदेश प्रभारी शुभम राठी ने कहा कि कर्मचारी और अधिकारी पूरी तरह से भ्रष्ट हैं। किसानों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं व मुकदमे में फसाने की धमकी देते हैं। कहा कि कनेक्शन के नाम पर किसानों से रिश्वत के नाम पर रुपये मांगते हैं। टांडा अमरपुर गांव में कनेक्शन के नाम पर पैसे लिए गए, कनेक्शन नहीं हुआ तो आवेदक ने रुपये मांगे तो विद्युत कर्मियों ने घर की लाइन काट दी और उसे चोरी के झूठे मुकदमे में फंसाने के नाम पर रुपये मांगे। समय से किसानों का बिल नहीं निकाला जाता है। सभी लाइनमैन और अधिशासी अभियंता का रवैया किसानों के प्रति खराब है। उन्होंने भ्रष्टों पर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पदाधिकारियों ने जमकर हंगामा किया और नारेबाजी की।

दोपहर बाद धरने की सूचना पर एसडीएम विनय कुमार सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकार अशोक कुमार सिंह धरना स्थल पर पहुंचे जहां उन्होंने एसडीओ को मौके पर बुलाया इसके बाद किसानों की समस्याओं को सुना। एसडीएम विनय कुमार सिंह ने टांडा अमरपुर के प्रकरण के खिलाफ जांच कमेटी गठित करने की बात कही। आश्वासन पर धरना स्थगित कर दिया गया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी भयराज सिंह, आशु बालियान, रागिब हुसैन ,ग्राम प्रधान जिला उपाध्यक्ष टीनू चौधरी ,अमित काजल , सचिन चौधरी ,खुर्शीद, युवा जिला अध्यक्ष ऋषभ चौधरी, जोहर हुसैन प्रधान, आनंद वीर सिंह, विशाल चौधरी, बबलू हुसैन समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।

25 को समस्याओं के निस्तारण को लगेगा कैंप
एसडीएम विनय कुमार सिंह ने बताया कि आने वाली 25 अक्टूबर को तहसील में विद्युत समस्याओं के संबंध में एक कैंप आयोजित किया जाएगा जिसमें तहसील के सभी उपखंडों के अधिशासी अभियंता एसडीओ मौजूद रहेंगे।

संबंधित समाचार