Bareilly: मेले में दिखी आगरा के हैंडलूम और जरी की चमक, प्रदेश के कई जिलों के लगे स्टॉल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो स्वदेशी मेला अर्बन हॉट में गुरुवार से शुरू हो गया है। जिसका उद्घाटन वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने किया। इस दौरान वन मंत्री ने कहा कि हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी हमारा मंत्र है, हमारा लक्ष्य है और हमारी शक्ति है। स्वदेशी संकल्प, यह सिर्फ एक नारा नहीं है बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव है। जब हम स्वदेशी अपनाते हैं तो हम अपने देश की मिट्टी से जुड़ते हैं, जिससे हमारा देश आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे कदम बढ़ाता है।

इससे पहले उद्योग विभाग के उपायुक्त विकास यादव ने अतिथियों को स्वागत किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न राज्यों से आए हस्तशिल्पियों ने स्टॉल लगाकर मेले में चमक बिखेर दी। हालांकि, दोपहर करीब 2 बजे तक मेले में खासी भीड़ नजर नहीं आई। स्कूली बच्चे एक स्टॉल से दूसरे स्टॉल खरीदारी करते दिखे। मेले में आगरा के हैंडलूम और जरी की चमक दिखी।

जनप्रतिनिधियों ने मेले में प्रत्येक स्टॉल का भ्रमण कर उत्पादों की जानकारी की। ब्रज के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, भाजपा के आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, सांसद छत्रपाल गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य आदि मौजूद रहे। संचालन वीरेंद्र सिंह राठौर ने किया।

मेले में ये लगे स्टाल
स्वदेशी मेले में जरी चप्पल, जरी-जरदोजी, जरी पेंटिंग, पर्स इम्ब्राईडरी, बनारसी साड़ी, डोरमैट, आसन पट्टी, कालीन, मिट्टी के बर्तन, ज्वैलरी, बांस-बेंत, केन फर्नीचर, होम डेकोरेट, जल कुम्भी, खिलौने, शहद, वर्मी कम्पोस्ट आदि विभिन्न प्रकार के स्टाल लगाए गए।

संबंधित समाचार