बद्रीनाथ में नया रिकॉर्ड, श्रद्धालु 14.53 लाख के पार, अभी डेढ़ माह और चलेगी यात्रा, जानें कब बंद होंगे कपाट

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

देहरादून, अमृत विचार: तमाम मौसमी दुश्वारियों के बावजूद बद्रीनाथ धाम की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना है। तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या ने पिछले वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बुधवार तक 14 लाख 53 हजार 827 तीर्थयात्री भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं, जबकि कपाट करीब डेढ़ माह बाद बंद होंगे। पिछले वर्ष पूरे यात्राकाल में 14.35 लाख श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंचे थे।

शासन-प्रशासन के कुशल यात्रा प्रबंधन ने खराब मौसम को यात्रियों की राह में रोड़ा नहीं बनने दिया और अब चारधाम यात्रा कीर्तिमान स्थापित कर रही है। मौसम के मिजाज को देखते हुए सभी यात्रा रूटों और पड़ावों में चाकचौबंद व्यवस्थाएं की गई हैं। अब बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ने पर अलाव की भी व्यवस्था कर दी गई है। सरकार के इन पुख्ता इंतजामों के चलते श्रद्धालु पूरी निश्चिन्तता के साथ चारधाम यात्रा पर पहुंच रहे हैं। बता दें कि, केदारनाथ यात्रा ने भी नया रिकॉर्ड बनाया है। इस यात्रा काल में श्रद्धालुओं की संख्या 16.56 लाख के पार पहुंच चुकी है जबकि पिछले वर्ष पूरे यात्राकाल में 16.52 लाख यात्री पहुंचे थे।

आज बंद होंगे हेमकुंट साहिब के कपाट

चमोली में स्थित श्री हेमकुंट साहिब के कपाट आज (10 अक्टूबर) शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे। इस वर्ष यहां बुधवार तक 2.71 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो अब तक की रिकॉर्ड संख्या है। समुद्रतल से करीब 15230 फीट की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंट साहिब की यात्रा अत्यंत कठिन और चुनौतीपूर्ण है, इसके बावजूद यहां हर वर्ष यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है। वर्ष 2024 में एक लाख 83 हजार 722 तीर्थयात्री हेमकुंट पहुंचे थे।

चारधाम यात्रा : कब बंद होंगे कपाट

गंगोत्री- 22 अक्टूबर
यमुनोत्री- 23 अक्टूबर
केदारनाथ- 23 अक्टूबर
बद्रीनाथ- 25 नवंबर

संबंधित समाचार