करवा चौथ : चांद संग पति का दीदार कर सुहागिनों ने की पूजा, अर्घ्य देकर किया व्रत का पारायण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। करवाचौथ का त्योहार शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। देर शाम करीब सवा आठ बजे चांद के दीदार होते ही चहुंओर आतिशबाजी होने लगी। हाथों में पूजा की थाली लेकर सुहागिनों ने पहले चलनी से चांद के दीदार किए, इसके बाद पति के। पति ने अपने हाथ से पत्नी को पानी पिलाया। सुहागिनों ने अपने पतियों संग विधिवत पूजा-अर्चना की। दूरदराज रहने वाले लोगों ने वीडियो कॉल करके करवाचौथ का व्रत संपन्न कराया। दिन भर व्रत रहने वाली महिलाओं ने रात में पूजा कर व्रत खोला।

करवा चौथ शुक्रवार को चांद के निकलने का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। पूरे दिन निर्जला व्रत करने वाली सुहागिनों ने चांद निकलने के बाद 16 श्रंगार करके तैयार पूजा की थाली लेकर अपनी छतों पर पहुंची। उन्होंने विधि विधान से चन्द्रमा की पूजा कर अर्घ्य दिया। इसके बाद छलनी के जरिये चांद का दीदार करके पति का चेहरा देखकर आशीर्वाद लिया। सजना ने भी पूरे दिन उनके लिए व्रत रखी हुई सजनी को बड़े प्यार से पानी पिलाया। इसके बाद विवाहिताओं ने परिवार के बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। जिन महिलाओं के पति बाहर थे उन्होंने वीडियो काल पर पूजा कर अपने व्रत को खोला।

महिलाओं ने गोल कतार में बैठ एक-दूसरे से बदली पूजा की थाली
मॉडल टाउन स्थित श्री हरि मंदिर में शाम 5 बजे से ही महिलाएं पूजा करने पहुंच गईं। वहीं राजेन्द्र नगर स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में भी महिलाएं दोपहर 3 बजे से पहुंचने लगी थीं। महिलाएं 16 श्रंगार कर सज धज कर मंदिर पहुंची। मंदिर के पुजारी ने करवाचौथ की कथा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि इस व्रत से पति की आयु लंबी होती है, जोड़े में मिठास और अन्य लाभ मिलते हैं। महिलाएं अपने घरों से ही पूजा की थाली सजाकर लाई थीं। इनमें दीपक, जल, मिष्ठान, फल, मैदे की पूड़ी सजी थाल से महिलाओं ने अपनी सास, जेठानी, ननद के साथ मिलकर विधि विधान से करवाचौथ की पूजा की। इसके बाद महिलाओं ने गोल कतार में बैठकर रीति-रिवाज के अनुसार एक-दूसरे से पूजा की थालियां बदलीं। वरिष्ठ महिलाएं कुर्सी पर बैठकर सभी महिलाओं को पूजा करने के जानकारी दे रही थी।

मंदिरों में सेल्फी का रहा क्रेज
मंदिर में पहुंची महिलाओं ने सबसे पहले विधि विधान से पूजा की। इस मौके पर जुटी महिलाएं एक-दूसरे के साथ सेल्फी लेना नहीं भूली। उन्होंने एक दूसरे के साथ मिलकर अपने मोबाइल में खूब सेल्फी खींची। कुछ महिलाओं ने ग्रुप में भी सेल्फी खींची।

फूलों कि दुकानों और मिठाई कि दुकानों पर रही भीड़
करवाचौथ को लेकर शाम से मिठाई की दुकानों पर काफी भीड़ रही। अपने काम से लौट रहे लोगों ने अपनी पत्नियों की मनपसंद मिठाइयां खरीदीं। फूलों की दुकानों पर भी काफी भीड़ मौजूद रही। दुकानों से पतियों ने पत्नियों के लिए गजरे खरीदे।

संबंधित समाचार