बदायूं : ससुर की हत्या करने वाला युवक गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद
बदायूं, अमृत विचार। एक युवक ने अपने ससुर पर फावड़े से हमला कर दिया। घायल ससुर की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। जिसके बाद आरोपी फरार चल रहा था। वजीरगंज पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आलाकत्ल फावड़ा बरामद करके जेल भेजा।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के कस्बा के मोहल्ला नई बस्ती निवासी अलीशेर पुत्र मंगली ने 19 सितंबर को सीमेंट एजेंसी पर अपने ससुर दफेदार पर फावड़ा से हमला किया था। दफेदार गंभीर रूप से घायल होकर बेसुध होकर जमीन पर गिर गए थे।
पुलिस ने 25 सितंबर को मृतक के बेटे रिजवान की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इलाज के दौरान 29 सितंबर को दफेदार की मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी पर धाराएं बढ़ाई थीं। जिसके बाद से आरोपी की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने शनिवार को वजीरगंज-आंवला मार्ग पर कुंवरगांव तिराहे के पास से गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
