लखीमपुर खीरी: हत्या में निरुद्ध बंदी की हार्ट अटैक से मौत
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जिला जेल में हत्या के मामले में निरुद्ध एक बंदी की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है।
जेलर डीके वर्मा ने बताया कि वर्ष 2018 में हत्या के मामले में निरुद्ध हुए बंदी बब्लू पुत्र लाल बहादुर निवासी रंगरेजन प्रथम थाना पलियाकलां पर हत्या का आरोप था। मुकदमा अंडर ट्रायल पर चल रहा था। शनिवार को अचानक बब्लू ने सीने में तेज दर्द होने की शिकायत की।
इस पर उसे जेल के चिकित्सक को दिखाया गया। हालत गंभीर होने पर बंदी बब्लू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है।
