बलरामपुर : मोहम्मद अहमद खान पर ATS और ED का शिकंजा, अवैध धनार्जन और संदिग्ध सौदों की जांच तेज
उतरौला/बलरामपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उतरौला थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद अहमद खान पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
दोनों एजेंसियां उनके विरुद्ध अवैध धनार्जन, संदिग्ध भूमि सौदों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े मामलों की संयुक्त जांच कर रही हैं। जानकारी के अनुसार, एटीएस लखनऊ ने उन्हें प्रकरण संख्या 08/2024 के तहत 13 अक्टूबर 2025 को पूछताछ के लिए मुख्यालय, अमेठी (लखनऊ) में तलब किया है।
इस केस में राजद्रोह (धारा 121), धार्मिक वैमनस्य (153A), धोखाधड़ी (420), बलात्कार (376ध) सहित उत्तर प्रदेश धर्मांतरण निषेध अधिनियम 2021 और एससी/एसटी एक्ट की धाराएं शामिल हैं। एटीएस सूत्रों ने बताया कि अहमद खान मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में लगभग 16 करोड़ रुपये के संदिग्ध भूमि सौदों में शामिल रहे हैं।
वहीं, ईडी को उनके बैंक खातों और संपत्तियों में असामान्य लेनदेन के प्रमाण मिले हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है।प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि आरोप सिद्ध होने पर उनकी संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई संभव है। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है।
