लखनऊ : सड़क पर मिला राजगीर का खून से लथपथ शव, हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चार माह से पत्नी संग उन्नाव स्थित ननिहाल में रह रहा था मिस्त्री

सरोजनीनगर/लखनऊ,अमृत विचार। बंथरा के रहीमनगर पड़ियाना बिल्लौचगढ़ी में रविवार सुबह एक राजगीर मिस्त्री का शव सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। मृतक पिछले चार माह से पत्नी के ननिहाल उन्नाव के बलऊखेड़ा गांव में रह रहा था। मां ने बेटे की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे हादसा बता रही है।

रहीमनगर पड़ियाना गांव निवासी जगतलाल सोनवानी अपनी पत्नी मंजू और परिवार के साथ रहते हैं। करीब एक साल पहले उनके बेटे जतिन (27) की शादी रागिनी से हुई थी। करीब चार माह से जतिन पत्नी के साथ उसके ननिहाल उन्नाव में रह रहा था।

करीब 15 दिन पहले रागिनी ने बेटे को जन्म दिया था। रविवार सुबह करीब छह बजे बंथरा स्थित घर से लगभग 500 मीटर दूर सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। राहगीरों ने देखा तो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसी बीच घर से शौच के लिए निकली मंजू भी मौके पर पहुंची तो शव अपने बेटे जतिन का देखकर वह बदहवास हो गई। जतिन के सिर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान थे।

सूचना मिलने पर बंथरा पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी रागिनी ने बताया कि जतिन शनिवार सुबह करीब नौ बजे मजदूरी करने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। कॉल करने पर मोबाइल स्विच ऑफ मिला। मां मंजू ने आशंका जताई कि किसी विवाद के दौरान बेटे की हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

संबंधित समाचार