UP: आजम का तंज और नदवी के बागी तेवर...रामपुर में क्यों उफन रहा सियासी पारा ?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। सपा नेता आजम खां के जेल से रिहा होने के बाद रामपुर की राजनीति में इन दिनों वार-पलटवार का दौर जारी है। लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर संसद पहुंचे मोहिब्बुल्लाह नदवी को आजम खां के लगातार तंज ने मुखर बना दिया। अब वह खुलकर आजम खां के खिलाफ मैदान में उतर आए हैं, ऐसे में रामपुर में सपा दो फाड़ होने की आशंका है।

लोकसभा व विधानसभा चुनाव में रामपुर सीट से मुस्लिम मतदाता चुनाव की बाजी पलटने की ताकत रखते हैं। इनमें सबसे ज्यादा तुर्क बिरादरी के ही वोटर हैं। अभी तक तुर्क बिरादरी ने सपा का ही साथ दिया है, ऐसे में सांसद नदवी के विरोध से सपा में दो फाड़ हो सकती है। सांसद नदवी भी तुर्क बिरादरी से ही आते हैं। ऐसे में बिरादरी के पहले सांसद बने मोहिब्बुल्लाह नदवी का विरोध भारी पड़ सकता है। हालांकि नदवी अपने बयानों में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का गुणगान करते नजर आ रहे हैं। लेकिन रामपुर सहित प्रदेश की राजनीति में आजम खां एक बड़ा नाम है और सांसद नदवी का लगातार खुलकर विरोध करने से चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि सांसद के विरोध के बाद आजम खां ने मामले में कोई बयान नहीं दिया है। मीडिया के सांसद के सवालों पर आजम खां ने कुछ बोलने से फिलहाल मना कर दिया। उन्होंने सवाल पर बोलने से मना कर दिया। ऐसे में यह तो साफ है कि विवाद बढ़ा तो तुर्क बिरादरी नाराज हुई तो आगामी चुनावों में परिणाम गंभीर हो सकते हैं। ऐसे में फिलहाल जुबानी जंग रुक गई है, लेकिन यह नाराजगी कहां जाकर खत्म होगी, इसका जवाब किसी के पास नहीं है।

नदवी के टिकट से शुरू हुआ विवाद
2024 लोकसभा चुनाव में रामपुर सीट से आजम खां की ओर से अखिलेश यादव को चुनाव लड़ने का आमंत्रण दिया गया। लेकिन अखिलेश यादव ने यहां से चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया। इसमें आजम खां और उनके करीबियों की क्या रणनीति थी, ये तो कोई नहीं जानता। लेकिन आजम खां के करीबी आसिम राजा और सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर ने प्रेसवार्ता कर रामपुर में चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा कर दी। इसके बाद सपा हाईकमान ने संसद की मस्जिद के इमाम मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी को चुनावी मैदान में उतार दिया और वो सांसद भी बन गए। इसके बाद से ही आजम खां की सांसद नदवी को लेकर नाराजगी बढ़ गई।

रामपुर लोकसभा सीट पर मतदाता
आंकड़ों के अनुसार रामपुर सीट पर करीब 17 लाख 25 हजार 944 मतदाता हैं। मुस्लिम मतदाताओं की संख्या करीब 9 लाख 22 हजार 506 हैं। मुस्लिम मतदाताओं में तुर्क बिरादरी के 2 लाख 19 हजार मतदाता हैं, जबकि अंसारी 1 लाख 26 हजार, पठान 1 लाख 25 हजार, अल्वी 85 हजार, शेख 52 हजार, घोसी 46 हजार, सलमानी 30 हजार, बंजारे 34 हजार, कुरैशी 18 हजार, सैफी 22 हजार व अन्य मुस्लिम समाज 1 लाख से ज्यादा हैं। जबकि हिंदू मतदाता 7 लाख 94 हजार 767 हैं।

 

संबंधित समाचार