लखीमपुर खीरी : धान के खेत में बबूल के पेड़ से लटका मिला युवक का शव
खमरिया, अमृत विचार। थाना ईसानगर क्षेत्र के बदालीपुर गांव में सोमवार की सुबह धान के खेत में लगे बबूल के पेड़ में एक 22 वर्षीय युवक का शव लटका हुआ पाया गया। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने प्रधान प्रतिनिधि और उसके दो अन्य साथियों पर हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव बदालीपुर मजरा चंद्रासा खुर्द के ग्रामीण सोमवार की सुबह जब खेतों की तरफ गए तो उनकी नजर एक खेत में लगे बबूल के पेड़ पर लटक रहे युवक के शव पर पड़ी। शव लटके होने की सूचना पर तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान गांव के ही गंगाराम मौर्य पुत्र राम सहारे के रूप में हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन शव देख विलख पड़े। मृतक के पिता ने ग्राम पंचायत चंद्रासा खुर्द के प्रधान प्रतिनिधि अतुल त्रिपाठी और दो अन्य पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ निर्मल तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर प्रधान प्रतिनिधि अतुल त्रिपाठी समेत दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
