बरेली: परीक्षा निरस्त होने की सूचना न मिलने से छात्र हुए परेशान
अमृत विचार, बरेली। 12 दिसंबर से होने वाली लॉ की परीक्षाएं विश्वविद्यालय ने अपरिहार्य कारणों से निरस्त कर दीं लेकिन इसकी सूचना विद्याथिर्यों तक नहीं पहुंची। विश्वविद्यालय की ओर से एक दिन पहले एक सूचना जारी की गई लेकिन इसे वेबसाइट पर भी अपलोड नहीं किया गया। इसकी वजह से दूर-दराज के विद्यार्थी बरेली कॉलेज …
अमृत विचार, बरेली। 12 दिसंबर से होने वाली लॉ की परीक्षाएं विश्वविद्यालय ने अपरिहार्य कारणों से निरस्त कर दीं लेकिन इसकी सूचना विद्याथिर्यों तक नहीं पहुंची। विश्वविद्यालय की ओर से एक दिन पहले एक सूचना जारी की गई लेकिन इसे वेबसाइट पर भी अपलोड नहीं किया गया। इसकी वजह से दूर-दराज के विद्यार्थी बरेली कॉलेज में परीक्षा देने के लिए पहुंच गए। विद्यार्थी अपना कक्ष पूछने लगे तो कॉलेज प्रशासन को किसी तरह से विद्यार्थियों को समझाकर वापस लौटाना पड़ा। विद्यार्थियों ने प्राचार्य को परीक्षा निरस्त करने को लेकर ज्ञापन भी सौंपा है। माना जा रहा है कि निरस्त परीक्षाएं 16 दिसंबर से हो सकती हैं लेकिन अभी तक इसका कोई शेड्यूल जारी नहीं किया गया है।
विश्वविद्यालय की ओर से एलएलएम, एलएलबी और बीए एलएलबी सम सेमेस्टर की परीक्षाओं का शेड्यूल 28 नवंबर को जारी किया था। अचानक परीक्षाओं का शेड्यूल जारी होने के बाद छात्र तैयारी न होने की बात कहकर परीक्षाओं को टालने की मांग कर रहे थे। 6 दिसंबर को विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा केंद्रों की भी सूची जारी कर दी। इसके तहत 17 केंद्र बनाए गए जिसमें बरेली में बरेली कॉलेज को केंद्र बनाया गया। बरेली कॉलेज में स्वकेंद्र के अलावा क्लासिक लॉ कॉलेज का केंद्र बनाया गया।
एक छात्र संगठन की ओर से भी कुलपति से मुलाकात कर शिड्यूल में बदलाव की मांग की थी। जिसके बाद 10 दिसंबर को परीक्षा नियंत्रक दफ्तर से 16 दिसंबर से परीक्षा का संसोधित शिड्यूल जारी कर दिया गया। इसे रुहेलखंड विश्वविद्यालय के मीडिया सेल ग्रुप पर भी डाला गया लेकिन कुछ देर बाद इसे हटा दिया गया। इस बारे में बताया गया कि कुलपति की अनुमति मिलने के बाद परीक्षा के शिड्यूल में बदलाव किया जाएगा। परीक्षाओं को लेकर बरेली कॉलेज ने तैयारियां शुरू कर दी, क्योंकि बरेली कॉलेज में स्वकेंद्र समेत दो केंद्रों के 1349 विद्यार्थियों की परीक्षा आयोजित होनी है।
11 दिसंबर को विश्वविद्यालय की ओर से एक नोटिस जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि अपरिहार्य कारणों से एलएलएम, एलएलबी व बीएएलएलबी की 12 दिसंबर से होने वाली परीक्षाएं निरस्त कर दी गई हैं। जल्द ही नई तिथियां जारी की जाएंगी। इसके लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय की अधिकृत वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।
यह सूचना मीडिया सेल के वॉटसएप ग्रुप पर तो भेज दी गई लेकिन इसे वेबसाइट पर अपलोड नहीं किया गया, जिसकी वजह से विद्यार्थियों को सूचना नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह काफी संख्या में विद्यार्थी बरेली कॉलेज में परीक्षा देने के लिए पहुंच गए। कई विद्यार्थियों को मुख्य द्वार से समझाकर वापस भेज दिया गया लेकिन कई विद्यार्थी अंदर पहुंच गए और अपना कक्ष पूछने लगे। जिसके बाद चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा व अन्य शिक्षकों ने पहुंचकर मामले को संभाला। इसको लेकर छात्रों ने राजनीति भी शुरू कर दी। छात्र संगठनों ने भी इसका विरोध किया।
वेबसाइट पर नहीं सही जानकारी
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर विद्यार्थियों के लिए सूचनाएं दी जाती हैं, लेकिन यह सूचनाएं विद्याथिर्यों को आसानी से नहीं मिलती हैं। वेबसाइट के लेटेस्ट व अपडेट ऑप्शन पर क्लिक करने पर लेटेस्ट अपडेट, स्टूडेंट्स कार्नर, व न्यूज एंड इवेंट के तीन ऑप्शन खुल जाते हैं। यही नहीं इन तीन आप्शन में भी अलग-अलग कई आप्शन खुलते हैं, जिसकी वजह से विद्यार्थी कन्फ्यूज हो जाते हैं। क्योंकि परीक्षा, प्रवेश व अन्य सूचना से जुड़ी जानकारी अलग-अलग मिलती हैं। जबकि अन्य विश्वविद्यालय या अन्य सरकारी वेबसाइट पर लेटेस्ट अपडेट का एक ही ऑप्शन होता है। इस ऑप्शन पर विद्यार्थियों को कोई भी सूचना आसानी से मिल जाती है।
लॉ की परीक्षा निरस्त करने की सूचना सभी केंद्रों के महाविद्यालयों के प्राचार्यों को भेजी गई थी। अन्य माध्यम से भी सूचना दी गई थी। कुछ विद्यार्थियों के पास सूचना नहीं पहुंची होगी जिसकी वजह से उन्हें परेशानी हुई है। -डा. अमित कुमार, विभागाध्यक्ष, विधि विभाग व प्रभारी मीडिया सेल, रुविवि
