बदायूं : गोद भराई की रस्म से पहले युवती ने फंदा लगाकर दी जान
बदायूं, अमृत विचार। शादी तय होने से पहले सगाई के कुछ दिन पहले एक युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार होने वाले ससुरालीजन बाइक, सोने की चेन और अंगूठी की मांग करने लगे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव कुडरा मझरा निवासी राजकुमार ने अपनी बेटी नेहा (18) की शादी मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव उतरना निवासी युवक के साथ तय की थी। शादी में बाइक देना तय हुआ था। दीपावली से पहले ही गोद भराई की रस्म होनी थी। आरोप है कि इसी दौरान होने वाले ससुरालीजनों ने अपाचे बाइक और आभूषण की मांग की। नेहा के परिजन यह देने को सहमत हो गए। वहीं नेहा और उसके होने वाले पति के बीच फोन पर बात होने लगी थी।
दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद रात में नेहा ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने शव लटका देखा तो चीत्कार मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। जहां नेहा के चाचा शेरपाल ने बताया कि होने वाले पति ने उनकी पत्नी पूनम को फोन करके नेहा को देखने को बोला था। पुलिस ने फोन कब्जे में लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
