लखनऊ : प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, विवाह के लिए राजी नहीं थे परिजन
गोसाईंगंज/लखनऊ, अमृत विचार। किसान पथ आउटर रिंग रोड के पास कार में प्रेमी युगल द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। दोनों रविवार देर रात कार में बेसुध हालत में मिले। परिजन जब तक पहुंचे, तब तक दोनों की हालत गंभीर हो चुकी थी। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर गोसाईंगंज ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक, जानकीपुरम के अजनहर गांव निवासी सुभाष रावत (21) अपनी प्रेमिका, आलमबाग के गढ़ कनौरा निवासी 15 वर्षीय किशोरी के साथ रविवार रात कार से सुल्तानपुर हाईवे स्थित किसान पथ आउटर रिंग रोड पर पहुंचा था।
कार में दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। बताया गया कि सुभाष ने पदार्थ खाने के बाद खुद ही परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक सुभाष पेशे से ओला कार चालक था, जबकि किशोरी हाईस्कूल की छात्रा थी। दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन परिवार वाले राजी नहीं थे। इसी कारण उन्होंने रविवार रात बहाने से घर से निकलकर यह कदम उठा लिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, जांच की जा रही है।
