Diwali Gold-Silver Rate: दिवाली पर तन कर सजी दुकानें, बाजार में छाने को तैयार 9 कैरेट की ज्वेलरी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

जीएसटी, मेकिंग चार्ज शामिल करने पर करीब 45 फीसद रेट पर मिलेगी

नीरज मिश्र, लखनऊ, अमृत विचार: दिन-पर-दिन बढ़ती कीमतों के कारण सोने-चांदी के आभूषण आम आदमी से दूर होते जा रहे थे। इसे देखते हुए ज्वैलर्स नौ कैरेट की ज्वेलरी तैयार कर रहे हैं। सबकुछ ठीक रहा तो दिवाली से पहले सर्राफा बाजार में ये बजट फ्रेंडली ज्वेलरी दस्तक दे देगी। कई जिलों में कारीगरों ने इस नए विकल्प के हिसाब से आभूषण गढ़ने शुरू कर दिए हैं। ये ज्वेलरी न केवल देखने में आकर्षक है बल्कि भड़काऊ रहेगी। नया विकल्प उन लोगों को खासतौर पर राहत देने वाला होगा जो शादी के मौके पर अपनी बेटी या बहू या किसी रिश्तेदार के लिए जरूरी खरीदारी करते हैं पर चढ़ती कीमतों की वजह से उनके बजट में शामिल नहीं हो पाती है। अब नया विकल्प उन्हें बड़ी राहत देगा।

करीब 45 फीसद रेट पर उपलब्ध होगी यह ज्वेलरी

सर्राफ और बुलियन कारोबारी बताते हैं कि हल्की डिजाइनर ज्वेलरी प्रदेश के विभिन्न बाजारों में बनना शुरू हो गई है। कारीगर अपने हाथ का कमाल दिखाने लगे हैं। इसमें बस प्योरिटी यानी शुद्धता के मानक का अंतर होगा। नौ कैरेट की होने की वजह से इसकी कीमत आधे से भी कम होगी। करीब 45 प्रतिशत के आसपास इसका मूल्य हो सकता है। इसमें जीएसटी और डिजाइन को देखते हुए मेकिंग चार्ज भी जुड़ा हुआ होगा।

भड़कीली और बेहतर लुक वाला होगा आभूषणों का यह नया विकल्प

कारोबारियों का कहना है कि नौ कैरेट से बने आभूषण 18, 20, 22 कैरेट वाले आभूषणों से कमतर नहीं होंगे। न डिजाइन में और न ही लुक में। धनतेरस से पहले यह ज्वेलरी बाजार में दस्तक दे देगी। आभूषण गढ़े जा रहे हैं।

ये हैं प्योरिटी के मानक

कैरेट- शुद्धता का प्रतिशत

24-            99.9

23-            95.8

22-            91.6

20-           83.3

18-           75.0

14-          58.3

09-          37.5

वैश्विक पटल पर अनिश्चितता और भंडारण से सोने और चांदी के भाव में तेज उछाल बना हुआ है। आमजनों तक इसकी पहुंच बनाने के लिए बीआईएस (ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड) ने 9 कैरेट ज्वेलरी को मंजूरी दी थी। इस पर स्वर्ण बाजार में काम शुरू हो गया है। नए-नए डिजाइन बन रहे हैं। हापुड़ समेत कई स्थानों पर इस नए विकल्प की ज्वेलरी तैयार की जा रही है। कीमत आधे से भी कम होगी। दीवाली से पहले बाजार में यह बजट फ्रेंडली ज्वेलरी आ जाएगी।

अनुराग रस्तोगी, स्टेट हेड, इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन इब्जा

संबंधित समाचार