यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए अपर नगर आयुक्त को दिया ज्ञापन, कहा- अराजकता फैला रहे ई-रिक्शा पर हो कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की महानगर इकाई अध्यक्ष सुरेश छाबलानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने स्मार्ट सिटी कार्यालय में अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। उन्हें समस्याएं बताईं और सुझाव दिए। ट्रैफिक समस्या भी उठाई। महानगर अध्यक्ष छाबलानी ने कहा कि कैसरबाग में होने वाला जाम हमेशा बना रहता है। इसकी अहम वजह सैकड़ों की तादात में आडे़-तिरछे खडे़ ई-रिक्शा हैं। इनसे जाम लगता है। 

बस स्टेशन होने के कारण बसें भी इसी जाम में फंस जाती हैं। लोग इसमें घंटों खड़े रहते हैं। इसकी वजह से ग्राहक अमीनाबाद, नजीराबाद बाजार नहीं पहुंच पाते हैं। कैसरबाग के बस स्टैंड को शहर से बाहर जल्द से जल्द शिफ्ट किया जाए। शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर ई-रिक्शा पर लगाम लगाई जाए। 

ई-रिक्शा चला रहे नाबालिगों पर सख्ती की जाए। मेडिकल कॉलेज चौराहा भी जाम से अछूता नहीं है। आलमबाग, रकाबगंज, पांडेयगंज के हालात और खराब हैं। इसमें सुधार कराया जाए। युवा के प्रदेश महामंत्री आकाश गौतम, वरिष्ठ महामंत्री राजीव कक्कड़,अनुज गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल, रमेश शुक्ला, विकास सक्सेना आदि कई व्यापारी उपस्थित थे।

संबंधित समाचार