Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के अवैध पटाखे जब्त
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिले के दालमंडी क्षेत्र में पुलिस ने सात गोदामों में अवैध रूप से रखे गए एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के पटाखे जब्त किए हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सिद्धार्थ मिश्रा ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सोमवार रात सात गोदामों पर छापा मारा और एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 12 क्विंटल पटाखे बरामद किये। इन पटाखों को अवैध रूप से बिक्री के लिए रखा गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस सिलसिले में सात गोदाम मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
इस बीच, एक अन्य मामले में पुलिस ने सोमवार शाम कोतवाली थाना क्षेत्र के हनुमान चौक इलाके में अपने घर में अवैध रूप से पटाखे रखने के आरोप में निहालचंद नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
