लखीमपुर खीरी: छह दिन से लापता महिला का शव नदी में उतराता मिलने से हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना खमरिया क्षेत्र के मड़वा गांव के पास मंगलवार सुबह शारदा नदी में एक महिला का शव उतराता देख ग्रामीण सन्न रह गए। आसपास अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और उसकी पहचान कराई। करीब चार घंटे बाद शव की पहचान कंचनपुर निवासी मुस्कान (25) के रूप में हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

मंगलवार की सुबह मड़वा गांव के पास शारदा नदी में एक महिला का शव उतराता देखा गया। इससे गांव व आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर प्रभारी  निरीक्षक ओपी राय भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकाला और उसकी पहचान कराने की कोशिश की। महज चार घंटे में शव की शिनाख्त हो गई। मृतका की पहचान थाना पढ़ुआ क्षेत्र के कंचनपुर गांव निवासी मुस्कान (25) पुत्री रामविलास के रूप में हुई। 

मुस्कान के परिजनों ने बताया कि मुस्कान 6 अक्टूबर 2025 को बिना बताए घर से निकल गई थी। कई जगह तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजन उसकी गुमशुदगी से परेशान थे। उसी दौरान थाना शारदानगर क्षेत्र के लौखनिया गांव के पास नहर पटरी से मुस्कान की चप्पलें बरामद हुई थीं, जिससे यह आशंका गहराने लगी थी कि उसके साथ कोई अनहोनी हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मुस्कान ने आत्महत्या की या हत्या उसे नदी में डाला गया है। यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही साफ हो सकेगा।

संबंधित समाचार