चालकों-परिचालकों की छुट्टियां रद…दीपावली-छठ पूजा पर परिवहन की 500 स्पेशल बसें, इन रूटों पर होगा संचालन
कानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने दीपावली एवं छठ पूजा पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 500 से अधिक स्पेशल बसें रुट पर शुक्रवार की रात से लगाने का फैसला लिया है। ये सभी बसें नई हैं जो यात्रियों के लिहाज से काफी आरामदायक हैं ताकि सफर में यात्रियों को कोई दिक्कत नहीं हो। विशेष बसों में दर्जनों एसी बसें भी लंबी दूरी के लिए लगाई गई हैं।
दीपावली एवं छठ पूजा पर विशेष संचालन के लिए परिवहन ने अपने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों, सुपरवाइजर, फोरमैन, वर्कशाप कर्मियों, चालक, परिचालक, यातायात निरीक्षकों की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं। कानपुर परिक्षेत्र की 500 से अधिक बसों को लगाया गया है जिसमें गोरखपुर 55, दिल्ली 250 , बस्ती 10, देवरिया 5, जौनपुर 5 , वाराणसी 10, आगरा 10, अलीगढृ 10, प्रतापगढ़ 10, सुल्तानपुर 10, सोनौली 5 , बहराइच 2, बादशाहपुर 2, रायबरेली 10 बसों के अलावा महोबा, हमीरपुर, जालौन, लालगंज बैसवारा समेत विभिन्न जिलों व कस्बों के लिए बसों को संचालित किया जाएगा। इनमें लंबी दूरी की सभी बसें नई हैं जिनमें 1000 से 2000 किमी तक सफर करने पर भी यात्रियों को थकान नहीं लगेगी।
कुछ बसें कानपुर तक ही आएंगी
दिल्ली, गोरखपुर समेत कई लंबी दूरी की बसें कानपुर स्थित शहीद मेजर सलमान खान अंतर्राज्यीय झकरकटी बस अड्डा, चुन्नीगंज बस अड्डा एवं रावतपुर बस अड्डा तक ही आएंगी और फिर यहां से जिस रुट के यात्री अधिक होंगे, वहां के लिए दूसरी बस रवाना की जाएगी। इसी प्रकार कई बसों को दिल्ली से कानपुर होते हुए गोरखपुर, दिल्ली से कानपुर होते हुए सोनौनी, दिल्ली से वाया कानपुर सुल्तानपुर एवं प्रतापगढ़ के लिए भी लगाया गया है।
क्या बोले अधिकारी
दीपावली एवं छठ पूजा पर लाखों यात्रियों की भीड़ निकलती हैं जिन्हें सुरक्षित गंतव्य स्थान तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है, ऐसे में 500 से अधिक विशेष बसों को रुट पर लगाया गया है। इनके अतिरिक्त 14000 परिवहन की बसें यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए कटिबद्ध हैं। पंकज तिवारी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, शहीद मेजर सलमान खान अंतर्राज्यीय झकरकटी बस अड्डा
ये भी पढ़े :
