UP : इंग्लैंड के मेयर राज मिश्रा ने किया श्री कल्कि धाम में शिला पूजन
संभल, अमृत विचार। इंग्लैंड की राजधानी लंदन की टाउन काउंसिल वैलिंगबोरो के मेयर राज मिश्रा सोमवार को श्री कल्कि धाम पहुंचे। उन्होंने शिला पूजन कर श्री कल्कि धाम के निर्माण कार्य के लिए अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
राज मिश्रा शाम करीब चार बजे श्री कल्कि धाम पहुंचे। श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने अंगवस्त्र प्रदान कर मेयर राज मिश्रा का सम्मान कर आशीर्वाद दिया। इसके बाद मेयर ने निर्माणाधीन श्री कल्कि धाम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्थापित शिला का दर्शन कर पूजन किया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मेयर राज मिश्रा ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है जब वह श्री कल्कि धाम में श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम के सानिध्य में उपस्थित हैं। श्री कल्कि धाम न केवल भारत की आस्था का प्रतीक है, बल्कि विश्वभर में सनातन संस्कृति के प्रसार का केंद्र बनेगा। धाम से विदाई के समय आचार्य प्रमोद कृष्णम ने मेयर को रामलला का स्वरूप भेंट किया। श्री कल्कि धाम सेवा समिति के पदाधिकारी व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
