Bareilly : इज्जत नगर मंडल में दूसरे चरण में तीन रेल खंडों में लगेगा ‘कवच’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जत नगर मंडल में ट्रेनों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अब “कवच” लगाने का काम शुरू होने जा रहा है। रेल मंत्रालय ने द्वितीय चरण में इज्जत नगर मंडल के तीन प्रमुख रेल खंडों पर कवच (स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली) लगाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस परियोजना पर करीब 492.21 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

कवच प्रणाली भारतीय रेलवे द्वारा विकसित एक अत्याधुनिक स्वचालित ट्रेन सुरक्षा तकनीक है, जो ट्रेनों को टकराव से बचाने और गति नियंत्रण में सहायता करती है। इस प्रणाली में कई आधुनिक उपकरण शामिल होंगे-जैसे ऑन बोर्ड इक्यूपमेंट, वाइटल कम्प्यूटर, ब्रेक इंटरफेस यूनिट, ड्राइवर मशीन इंटरफेस, आरएफआईडी रीडर, पल्स जेनरेटर और रेडियो एंटीना। इन उपकरणों की मदद से ट्रेन चालक को वास्तविक समय में सिग्नल और गति की जानकारी मिलेगी तथा आपात स्थिति में ट्रेन अपने आप रुक जाएगी।

इज्जतनगर मंडल में कवच लगाने का काम रावतपुर-फर्रुखाबाद जंक्शन, फर्रुखाबाद जंक्शन-कासगंज जंक्शन और कासगंज जंक्शन-मथुरा जंक्शन रेल खंडों पर किया जाएगा। इन रूटों पर कवच लगने से ट्रेन परिचालन और भी सुरक्षित, विश्वसनीय और कुशल बन सकेगा। सीपीआरओ पीके सिंह के अनुसार, कवच प्रणाली के लागू होने से सिग्नल जंपिंग, ओवर स्पीडिंग और मानवीय त्रुटियों से होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी। इससे न केवल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि ट्रेन संचालन में भी अनुशासन और दक्षता आएगी।

 

संबंधित समाचार