Deepotsav 2025: CCTV कैमरे से होगी दीपोत्सव पर निगरानी, बनेंगे 15 अस्थायी चिकित्सालय, तैनात होंगी 10 एंबुलेंस

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। दीपोत्सव 2025 को अविस्मरणीय और सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस बार अयोध्या के दिव्य दीपोत्सव की निगरानी सीसीटीवी कैमरे के जरिए भी की जाएगी। इसके लिए कंट्रोल रूम से पैनी नजर रहेगी। अयोध्या में प्रवेश से लेकर निकासी तक आने वाला हर व्यक्ति कहीं न कहीं कैमरे की नजर में होगा। दीपोत्सव 18 अक्टूबर से शुरू होगा। 

डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने संयुक्त रूप से इसकी समीक्षा भी की। खामियों को दुरुस्त कराएने के निर्देश दिए। राम की पैड़ी, सरयू आरतीस्थल, राम कथा पार्क आकर्षण के केंद्र में है। डीएम ने विभागों को निर्देश दिया है कि शोभा यात्रा समय से निकाली जाए।  इस बार श्रद्धालुओं और पर्यटकों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए 15 अस्थायी चिकित्सालय बनाए जा रहे हैं। साथ ही संपूर्ण मेला क्षेत्र में 10 स्थानों पर चौबीसों घंटे एंबुलेंस की तैनाती की जा रही है।

वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था को समय से पूरे किए जाने का निर्देश है। रामकथा पार्क में हेलीपैड की व्यवस्था के साथ अतिथियों सहित अन्य लोगों के बैठने की व्यवस्था के लिए अलग से पूरी जिम्मेदारी इस बार सौंपी गई। अक्सर बैठने को लेकर असहज स्थिति त्पन्न हो जाती है। 

अफसरों को सौंपी गई जिम्मेदारी, बन रहा कंट्रोल रूम

इसी के साथ राम की पैड़ी पर सरयू आरती, दीपोत्सव के दीप प्रज्जवलन, लेजर शो, ड्रोन शो सहित अन्य आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर जिलाधिकारी ने अफसरों को समय से पहुंचने के साथ सौंपी गई जिम्मेदारी को बेहतर ढंग से निभाने के स्पष्ट निर्देश दिये हैं। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने पुलिस अफसरों को व्यवस्था पुख्ता रखने के निर्देश दिये हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर आवश्यक दवाओं के साथ पैरामेडिकल स्टाफ और विशेषज्ञ चिकित्सक रहेंगे मौजूद

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील कुमार बानियान ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस वर्ष नौवें संस्करण के दीपोत्सव में सभी के स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा जाएगा। सभी चिकित्सालयों में आवश्यक दवाएं, पैरामेडिकल स्टाफ और विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे।

इन स्थानों पर तैनात रहेंगी एंबुलेंस

कंट्रोल रूम, श्रीराम जन्मभूमि परिसर, श्री हनुमानगढ़ी, श्री कनक भवन मंदिर परिसर, पक्का घाट, बंधा तिराहा (वीणा चौराहा), हनुमानगुफा (श्री राम कथा संग्रहालय), साकेत पेट्रोल पंप, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन और श्री नागेश्वर नाथ मंदिर पर एंबुलेंस हर समय मौजूद रहेंगी।

तीन प्रमुख अस्पतालों में 50 बेड आरक्षित

1. स्वशासी राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में 20 बेड आरक्षित।
2. जिला चिकित्सालय अयोध्या (पुरुष) में 20 बेड आरक्षित।
3. श्री राम चिकित्सालय अयोध्या में 10 बेड आरक्षित।

इन 15 स्थानों पर बनाए जा रहे अस्थायी प्राथमिक उपचार केंद्र

कंट्रोल रूम (साकेत डिग्री कॉलेज के सामने), श्री राम जन्मभूमि निकास द्वार, श्री राम जन्मभूमि निकास द्वार (पीएफसी), श्री हनुमानगढ़ी मंदिर, बंधा तिराहा (विकास प्राधिकरण कार्यालय), पक्का घाट (08 बेड अस्थायी चिकित्सालय), श्री नागेश्वरनाथ मंदिर, साकेत पेट्रोल पंप, हनुमानगुफा (श्री राम कथा संग्रहालय), अंतर्राष्ट्रीय बस स्टॉप अयोध्या धाम, कारसेवकपुरम, दशरथ महल, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन, कनक भवन मंदिर परिसर और झनकी घाट पर चिकित्सा शिविर लगाए जा रहे हैं।

चार जिलों से आएंगी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीमें

दीपोत्सव में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए अमेठी, अंबेडकरनगर, बाराबंकी और सुल्तानपुर जिले से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीमें भी अयोध्या पहुंचेंगी। ये टीमें संपूर्ण आयोजन के दौरान अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहकर श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी।

संबंधित समाचार