पीलीभीत : अब जंगल घूमने के शौकीन सैलानी घर बैठे बुक करा सकेंगे सफारी वाहन
पीलीभीत, अमृत विचार। पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र पहली नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस पर्यटन सत्र में देश-विदेश से आने वाले सैलानियों को सफारी वाहनों की बुकिंग के लिए बुकिंग काउंटर की लंबी लाइन में नहीं लगना होगा। सैलानी घर बैठे ही सफारी वाहन की ऑनलाइन बुकिंग करा सकेंगे। इसको लेकर वेबसाइट बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं इस बार सैलानियों की बढ़ती संख्या को लेकर टाइगर रिजर्व प्रशासन ने सफारी वाहनों की संख्या भी बढ़ाने की तैयारी की है।
तराई की हरी-भरी वादियों के बीच बना पीलीभीत टाइगर रिजर्व बाघों के लिए देश-दुनिया में मशहूर हैं। यहां की विशिष्ट जैवविविधता सात समंदर पार विदेशी धरती पर रहने वालों को खासी आकर्षित कर रही है। यही वजह है कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व के बीते पर्यटन सत्रों के दौरान साल दर साल यहां आने वाले सैलानियों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। वहीं विदेशी सैलानियों की संख्या में भी पिछले पर्यटन सत्र के दौरान खासी बढ़ोत्तरी हुई थी। इधर इस बार यहां पर्यटन सत्र 06 दिन पहले यानी 01 नवंबर को शुरू होने जा रहा है।
टाइगर रिजर्व प्रशासन ने इसको लेकर तेजी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। जंगल मार्गों की साफ-सफाई करने के साथ उन्हें समतल किया जा रहा है। वहीं पीटीआर में पर्यटन का केंद्र बिंदु माने जाने वाले इको टूरिज्म स्पॉट चूका बीच पर भी साफ-सफाई कर संवारा जा रहा है। कुल मिलाकर पीटीआर आने वाले सैलानियों को यहां चुस्त-दुरुस्त व्यवस्थाओं के साथ बहुत कुछ बदला सा मिलेगा। इधर पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र के दौरान सैलानियों की सुविधा के लिए सफारी वाहनों का संचालन किया जाता है।
इसमें जीनॉन सफारी एवं जिप्सी वाहनों का संचालन किया गया है। इन्हीं सफारी वाहनों के माध्यम से ही पर्यटक पीटीआर में सैर करने के साथ चूका बीच समेत अन्य टूरिज्म प्वाइंटों तक पहुंचते हैं। अभी तक पर्यटन सत्र के दौरान सैलानी सफारी वाहनों की बुकिंग के लिए मुस्तफाबाद गेट, महोफ गेट पर बने बुकिंग काउंटर पर पहुंचते थे। कई-कई बार में सैलानियों को लंबी लाइन और सैलानियों की अधिक संख्या होने पर सफारी वाहनों के न मिलने पर मायूस होकर लौटना पड़ता था। मगर आने वाला पर्यटन सत्र सैलानियों के लिए राहत भरी खबर लेकर आ रहा है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में आने वाले सैलानियों को अब सफारी वाहनों के लिए बुकिंग काउंटरों की लंबी लाइन में नहीं लगना होगा। दरअसल टाइगर रिजर्व प्रशासन आगामी पर्यटन सत्र में सफारी वाहनों की ऑनलाइन बुकिंग की कवायद में लगा है। इसको लेकर एक वेबसाइट भी तैयार की जा रही है। सैलानी वेबसाइट पर जाकर घर बैठे ही सफारी वाहनों की बुकिंग करा सकेंगे। इसके साथ ही सैलानियों की संख्या बढ़ने पर सफारी वाहनों की मारामारी से बचने के लिए टाइगर रिजर्व प्रशासन ने इस बार सफारी वाहनों की संख्या भी बढ़ाने का निर्णय लिया है। कामर्शियल वाहनों को प्राथमिकता देने की बात भी कही जा रही है।
डिप्टी डायरेक्टर, पीलीभीत टाइगर रिजर्व मनीष सिंह ने बताया कि पर्यटन सत्र को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही है। पर्यटकों की सुविधाओं को देखते हुए तैयारियां की जा रही है। इस बार सफारी वाहनों की ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था की जा रही है, ताकि पर्यटकों को कोई दिक्कत न हो। इसके अलावा कई अन्य सुविधाएं बढ़ाने पर भी मंथन चल रहा है।
