लखीमपुर खीरी: बाइक समेत खाई में मिला युवक का शव, ससुराल जाते वक्त फिसलने से हादसे की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बेहजम, अमृत विचार। नीमगांव थाना क्षेत्र के गुलौला-नीमगांव मार्ग पर सोनोरा गांव के निकट बुधवार की सुबह एक युवक का शव उसकी बाइक के साथ खाई में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाइक समेत बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

थाना नीमगांव के गांव रामपुर निवासी संजय उर्फ शिवपाल की ससुराल थाना मितौली के गांव रेवाना में है। वह मंगलवार की शाम घर से अपनी बाइक से ससुराल जाने के लिए निकला था, लेकिन वह ससुराल नहीं पहुंचा। सुबह सोनारा गांव के कुछ लोग खेतों की तरफ गए थे उन्होंने पानी भरे नाले में एक बाइक पड़ी देखी। मौके पर पहुंचे तो देखा एक युवक का शव पड़ा था। बाइक समेत शव पड़े होने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। 

बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव और उसकी बाइक नाले से बाहर निकलवाई। शव की पहचान संजय उर्फ शिवपाल के रूप में होने पर उसके घर वालों को सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। 

आशंका जताई जा रही है कि युवक की बाइक फिसल गई और वह बाइक समेत पानी भरे नाले में जा गिरा, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। एसओ आदित्य कुमार मौर्य ने बताया कि बाइक फिसलने से हादसे में मौत होने की आशंका है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार