अधिवक्ता को हिरासत में लेना एसपी को पड़ा भारी : प्रीति यादव केस क्या है? हाईकोर्ट ने SP आरती सिंह को लगाई फटकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज/फर्रुखाबाद, अमृत विचार। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बंदी प्रत्यक्षीकरण यानी हेबियस कॉर्पस के मामले में फर्रुखाबाद की एसपी आरती सिंह को फटकार लगाते हुये नाराजगी व्यक्त की है। इतना ही नहीं कोर्ट के बाहर फर्रुखाबाद पुलिस की तरफ से अधिवक्ता को हिरासत में लेने के मामले को भी हाईकोर्ट ने सख्त रुख इख्तियार किया है, हाईकोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया कि तत्काल अधिवक्ता को हाईकोर्ट में पेश किया जाये। हाईकोर्ट ने इस दौरान एसपी को कोर्ट रूम में ही रहने का आदेश दिया, कहा-जब तक पुलिस अधिवक्ता को पेश नहीं करती, तब तक एसपी कोर्ट रूम में ही रहें।

दरअसल, दो लोगों को 6 दिन तक अवैध तरीके से पुलिस हिरासत में रखने के मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया। फर्रुखाबाद स्थित फतेहगढ़ निवासी प्रीति यादव की ओर से एक हेवियस कॉर्पस हाई कोर्ट में दाखिल की थी। प्रीति यादव ने एसपी और पुलिस पर अवैध तरीके से दो लोगों को हिरासत में रखने का आरोप लगाया गया था। बताया जा रहा है कि इसके बाद 8 सितंबर की रात प्रीति यादव के घर में कायमगंज पुलिस घुस गई थी। 

यही वह पूरा मामला है जिसकी सुनवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट की जस्टिस जेजे मुनीर और जस्टिस संजीव कुमार की डबल बेंच सुनवाई कर रही है। सुनवाई के दौरान प्रीति यादव ने कोर्ट को बताया कि वह याचिका वापस लेना चाहती है, जिसकी वजह कोर्ट ने पूछी। जिस पर प्रीति यादव ने बताया कि पुलिसवाले उनके पति को भी उठा ले गये हैं। जब प्रीति यादव यह बयान दे रहीं थी उस समय कोर्ट रूम में एसपी आरती सिंह, सीओ कायमगंज और एसएचओ कायमगंज अनुराग मिश्रा भी मौजूद थे। इस मामले की सुनवाई दूसरे दिन यानी आज बुधवार को भी हुई है।

एसपी के आदेश हुई कार्रवाई

सुनवाई के बाद ही कोर्ट को सूचित किया गया कि अधिवक्ता अवधेश मिश्रा व उनके बेटे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और उन्हें फर्रुखाबाद ले जाया जा रहा है और यह कार्रवाई एसपी के आदेश पर हुई है। जिसके बाद हाईकोर्ट ने एसपी आरती सिंह और उनकी टीम को तलब कर लिया। वहीं अधिवक्ता अवधेश मिश्रा की तरफ से कोर्ट में पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अमरेंद्र नाथ सिंह ने पूरी बात बताई। उन्होंने कोर्ट को बताया कि पुलिस को इस बात की आशंका थी कि अवधेश मिश्रा ने ही यह बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल कराई है। जिसकी वजह से पुलिस ने अवधेश मिश्रा के घर में घुसकर 11 अक्टूबर को तोड़फोड़ की थी।

संबंधित समाचार