दिवाली पर फ्री गैस सिलेंडर, लाइव प्रसारण के साथ हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम, पात्र परिवारों को रिफिल पर सब्सिडी
बाराबंकी, अमृत विचार। दीपावली के मौके पर केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का तोहफा दिया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत और जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की उपस्थिति में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वला योजना के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी ने जानकारी दी कि जनपद में कुल 3,36,285 उज्ज्वला कनेक्शनधारक हैं, जिनमें से 2,40,938 लाभार्थियों का आधार सत्यापित हो चुका है। इन लाभार्थियों को अक्टूबर-दिसंबर 2025 तथा जनवरी-मार्च 2026 की अवधि में गैस बुकिंग पर नि:शुल्क रिफिल का लाभ मिलेगा।
रिफिल प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों के आधार-सत्यापित बैंक खातों में 335 रुपये केंद्रांश और 555 रुपये राज्यांश की सब्सिडी ट्रांसफर की जाएगी। इस दौरान अंगद सिंह ने कहा कि सरकार दीपावली और होली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को एक-एक मुफ्त गैस सिलेंडर प्रदान करती है। उन्होंने सभी पात्र महिलाओं से योजना का लाभ उठाने और ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराने की अपील की।
विधायक दिनेश रावत ने मिशन शक्ति की चर्चा करते हुए शेष पात्र लाभार्थियों की ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने पर बल दिया ताकि कोई भी महिला इस योजना से वंचित न रहे। कार्यक्रम में उज्ज्वला योजना के 10 लाभार्थियों को डेमो चेक प्रदान किए गए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी राजकुमार सिंह यादव, नोडल अधिकारी दिग्विजय सिंह, इंडियन ऑयल के विक्रय प्रबंधक लवनीश यादव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी दिव्या शर्मा, आपूर्ति निरीक्षक अवधेश पांडेय, इमरान मंजूर व गैस एजेंसी संघ के अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिंह परिहार मौजूद रहे।
कानपुर: जीन्स-टीशर्ट और चप्पल पहनकर कार्यालय नहीं आ सकेंगे नगर निगम कर्मचारी, बैठक कर नगर आयुक्त ने दिए निर्देश
