ई रिक्शा गायब...झाड़ियों में चाभी, बाराबंकी में कल्याणी पुल के नीचे रिक्शा चालक का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। बुधवार को कल्याणी नदी पुल के नीचे एक ई रिक्शा चालक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मौके से ई रिक्शा गायब था जबकि चाभी झाड़ियों से मिलीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।  जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र में इब्राहिमाबाद गांव के पास कल्याणी नदी पुल के नीचे बुधवार को एक ई-रिक्शा चालक का शव देखा गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान चंदौली गांव निवासी जगदीश 38 पुत्र मंगल के रूप में की। 

मौके से उसका ई-रिक्शा गायब जबकि चाभी झाड़ियों में पड़ी मिली, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। परिजनों ने बताया कि जगदीश दो दिन से घर नहीं लौटा था। हाल ही में उसने एक ई-रिक्शा खरीदा और उसी से परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब दो वर्ष पूर्व उसकी हार्ट की बाईपास सर्जरी हुई थी। मृतक के भाई जगदेव ने बताया कि जगदीश के चार बच्चे विनय, गुड़िया, काजल और जान्हवी है, पत्नी इस समय गर्भवती है। 

सूचना पर कोतवाली प्रभारी अंकित त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से पूछताछ भी की। प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

बाराबंकी में सुपारी देकर रिक्शा चालक से कराई पति की हत्या, पुलिस के हत्थे चढ़ी पत्नी और हत्यारा रिक्शा चालक 

संबंधित समाचार