Bareilly : 15 हजार के इनामी उपद्रवी अफजल ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण, पुलिस पर पथराव और फायरिंग में था शामिल
बरेली, अमृत विचार। 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद पुलिस पर पथराव और फायरिंग के मामले में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी मीनार मस्जिद, बिहारीपुर निवासी अफजल बेग ने बुधवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अब पुलिस अफजल को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी ताकि पता चल सके कि वह किसके इशारे पर बवाल में शामिल हुआ था।
26 सितंबर को मौलाना तौकीर रजा खां के इशारे पर इस्लामिया ग्राउंड में हजारों की संख्या में उपद्रवी पहुंचने का प्रयास कर रहे थे। जिन्हें पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उपद्रवियों ने मौलाना तौकीर के इशारे पर शहर में कई जगह पुलिस पर पथराव करते हुए फायरिंग की। मौलाना के सबसे करीबी नदीम खान ने एसपी सिटी मानुष पारीक के गनर की एंटी रायट गन लूटने के साथ ही पुलिस का वायरलेस सेट लूट कर पुलिस की बातें सुनी थीं। इस मामले में अफजल बेग, तीन हिस्ट्रीशीटर समेत सात उपद्रवी फरार चल रहे थे।
इन सातों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सातों के खिलाफ पहले 82 और 83 की कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई थी। अफजल भीड़ को उकसाने समेत पुलिस पर पथराव और फायरिंग कराने की साजिश में पूरी तरह से शामिल था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था। उसने बुधवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।
साढ़े तीन सौ उपद्रवियों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर
बवाल के मामले में साढ़े तीन सौ उपद्रवियों के मोबाइल नंबरों को पुलिस ने सर्विलांस पर लगाया है। इन उपद्रवियों के संपर्क में रहने वाले लोग भी पुलिस की रडार पर हैं, जिनकी कुंडली भी पुलिस ने खंगालना शुरू कर दी है। जल्द ही इन सभी उपद्रवियों पर भी पुलिस शिकंजा कस सकती है। कुछ आरोपी चिह्नित हो गए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हुई हैं।
