Bareilly : सौ फुटा रोड पर छापेमारी कर अवैध पटाखों का जखीरा किया बरामद
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर क्षेत्र में सौ फुटा रोड पर पटाखा बेचने का लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी कारोबारी बड़े पैमाने पर खुलेआम पटाखा बेच रहा था। बुधवार दोपहर पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम ने छापेमारी कर ढाई लाख क्विंटल पटाखे बरामद किए। बरामद पटाखों की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि दीपावली नजदीक आते ही पटाखा बेचने का खेल शुरू हो गया। पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम शहर में आतिशबाजी को लेकर जगह-जगह छापेमारी कर रही है। बुधवार दोपहर एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, सीओ तृतीय पंकज कुमार और अग्निशमन विभाग की टीम ने सौ फुटा रोड पर घनी आबादी के बीच पटाखों के भंडारण करने की सूचना पर सरदार जी ट्रेडर्स के मालिक हरमीत सिंह के यहां छापेमारी की। छापेमारी में करीब ढाई क्विंटल पटाखे बरामद किए।
जब्त पटाखों को गाड़ियों में भरकर थाने भेजा। जहां अवैध पटाखे पकड़े गए हैं, वहां पटाखे बेचने का लाइसेंस पिछले साल निरस्त हो चुका है। एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने बताया कि घनी आबादी में पटाखों का अवैध भंडारण होने नहीं दिया जाएगा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि जिले में टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। दीपावली तक यह अभियान जारी रहेगा। जो भी नियमों का उल्लंघन करते हुए पटाखों का भंडारण करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
