Bareilly : गन्ना बोने जा रहे पिता-पुत्र का ट्रैक्टर पलटा, दबकर दोनों की दर्दनाक मौत
बरेली, अमृत विचार। फतेहगंज पश्चिमी में दर्दनाक हादसे के दौरान पिता-पुत्र की मौत हो गई। बोवाई को खेत पर जा रहे पिता-पुत्र का ट्रैक्टर पलट गया। देर तक दोनों ट्रैक्टर नीचे दबे रहे। जिससे दोनों की मौत हो गई। परिवार को पता चला तो घर में मातम का माहौल हो गया।
मामला फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के शाही रोड मोहल्ला अंसारी का है। यहां रहने वाले 55 साल के नंदप्रकाश और 22 साल का उनका बेटा सुमित ट्रैक्टर पर सवार होकर खेत पर निकले। सुबह करीब छह बजे वह खेत पर गन्ना की बुवाई के लिए निकले थे। चक रोड के पास ट्रैक्टर लेकर पहुंचे तो बेकाबू होकर खाई में पलट गया।
हादसे के बाद दोनों ट्रैक्टर के नीचे दब गए। कोई बचाने पहुंचता उससे पहले ही दोनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुबह का समय था और सुनसान इलाका होने की वजह से जल्दी किसी की नजर नहीं पड़ी।
सुबह जब आसपास चहल पहले बड़ी तो आते जाते ग्रामीणों की नजर उनपर पड़ी। पूरे मामले की जानकारी उनके परिवार वालों को दी गई। इसके बाद ट्रैक्टर और खाई से निकाला गया। दोनों के शव भी बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर परिवार में त्योहार की सारी खुशियां काफूर हो गईं। हर तरफ मातम पसर गया।
