बदायूं : महिला की मौत...परिवार ने लगाया गला दबाकर हत्या करने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। जरीफनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे मायका पक्ष ने ससुरालीजनों पर गला दबाकर हत्या करने और शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

गांव वाजिदपुर निवासी विनीता (22) पत्नी पुष्पेंद्र की बुधवार रात मौत हो गई। पांच साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। महिला का शव उसके घर में मिला। परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची। बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के गांव ढकपुरा निवासी मायका पक्ष भी आ गया। 

मायका पक्ष ने ससुरालीजनों पर सोने की चेन, अंगूठी की मांग पूरी न होने पर विनीता की हत्या करने और आत्महत्या दर्शाने के लिए शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार ने बताया कि महिला की मौत हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। तहरीर प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

पेड़ से टकराई अनियंत्रित बाइक, युवक की मौत
बिसौली से दबतोरी मार्ग पर एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। युवक की पहचान कोतवाली बिसौली क्षेत्र के कस्बा की बद्री प्रसाद कॉलोनी निवासी जितेंद्र मौर्य (31) पुत्र गंगा राम मौर्य के रूप में हुई। राहगीरों की सूचना पर पहुंच पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जितेंद्र मौर्य गुरुवार सुबह बाइक से खेत पर जा रहे थे। रास्ते में पेड़ से उनकी बाइक टकरा गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को बिसौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया था।

संबंधित समाचार