लखीमपुर खीरी : इंस्टा पर प्रेम जाल में फंसाकर लव मैरिज, फिर की दूसरी शादी...पंचायत में दर्द बयां करते-करते बेहोश हुई युवती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बेहजम, अमृत विचार। एक युवती के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से ठगी और धोखे से शादी करने का मामला सामने आया है। गोरखपुर की रहने वाली युवती ने आरोप लगाया है कि सरैया गांव के युवक ने उसे इंस्टाग्राम पर प्रेमजाल में फंसाकर पहले शारीरिक संबंध बनाए, फिर शादी की और बाद में दूसरी शादी रचाकर उसे छोड़ दिया। पुलिस चौकी पर हो रही पंचायत के बीच उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेसुध हो गई। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

पीड़िता ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व उसकी शुभम से इंस्टाग्राम पर जान-पहचान हुई थी। इसके बाद शुभम ने उसे लखनऊ बुलाया, जहां दोनों करीब दो महीने तक साथ रहे। इसके बाद दोनों दिल्ली में भी साथ रहे। फिर शुभम ने उसे अपने गांव नीमगांव थाना क्षेत्र के सरैया गांव लाकर बेहजम के गौरीशंकर मंदिर में विवाह कर लिया। विवाह के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन जब युवती अपने मायके गोरखपुर गई, उसी दौरान शुभम ने 1 मई 2025 को लखीमपुर सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से दूसरी शादी कर ली। 

जब पहली पत्नी को इसकी जानकारी हुई और वह ससुराल पहुंची तो उसे घर में घुसने नहीं दिया गया। पीड़िता ने पुलिस चौकी बेहजम में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई। बताया जा रहा है कि गुरुवार को दोनों पक्षों के बीच पंचायत और सुलह की प्रक्रिया पुलिस चौकी पर चल रही थी, तभी पीड़िता को अचानक सीने में दर्द और घबराहट हुई और वह मौके पर ही बेहोश हो गई। उसे मौके पर मौजूद सरैया गांव के अवधेश कुमार सिंह ने बेहजम सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

डॉक्टरों के अनुसार, महिला को चेस्ट पेन और मानसिक तनाव के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया है। पीड़िता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया कि शुभम ने उसका सारा जेवर और 10 हजार रुपये नकद बेच डाले, और अब उसे अपने साथ रखने से मना कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद बेहजम पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़िता अब प्रशासन से न्याय की मांग कर रही है।

संबंधित समाचार