Rampur : हाईवे पर हादसा...सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी पिकअप, चालक की मौत
बिलासपुर, अमृत विचार। नैनीताल हाईवे पर तेज रफ्तार से जा रही पिकअप हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक में घुस गई। इसमें चालक की मौत हो गई जबकि, परिचालक की स्थिति गंभीर देख उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
गुरुवार तड़के सामान से लदी एक पिकअप तेज रफ्तार से उत्तराखंड की ओर जा रही थी। इसी बीच रास्ते में नैनीताल हाईवे स्थित नया गांव बाइपास के निकट नींद की झपकी आने की वजह से पिकअप अनियंत्रित हो गई और हाईवे किनारे ट्रक में पीछे से घुस गई। इस हादसे में 24 वर्षीय चालक रमनपाल सिंह और 20 वर्षीय परिचालक सौरभ कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की चीख पुकार सुनकर घटना स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों सहित राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना पाकर ईसानगर चौकी प्रभारी योगेश सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में दोनों घायलों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवा दिया। लेकिन, यहां चिकित्सकों ने परिचालक सौरभ कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि चालक की स्थिति गंभीर देख उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। उधर, पुलिस ने दोनों दुर्घटना ग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। इस पर प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है तथा तहरीर प्राप्त होने के बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, सूचना पाकर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे।
