कानपुर: फेसबुक फ्रेंड ने वायरल की अश्लील वीडियो, शादी का झांसा देकर बनाया था Video

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वीडियो दिखाकर मांगे थे तीन लाख, पूरे परिवार को दी थी जान की धमकी

कानपुर, अमृत विचार। फेसबुक से दोस्ती कर मेलजोल बढ़ाया। युवती को शादी का झांसा देकर आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने युवती को ब्लैकमेल किया। उससे तीन लाख रुपयों की मांग की। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने अश्लील वीडियो और तस्वीरें वायरल कर दी। रायपुरवा पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। 

रायपुरवा इलाले की रहने वाली 19 वर्षीय युवती के अनुसार सितंबर 2024 को सिद्धार्थनगर का सिराज उसका फेसबुक फ्रेंड बना था। दोस्त बनने के बाद उनकी बातचीत होने लगी। उसके कुछ दिनों बाद ही सिराज ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा। विश्वास जीतने के लिए उसने अपने घरवालों से भी मिलवाया। उसके घरवालों ने भी आकर उनके परिजनों से शादी के सिलसिले में बातचीत की। इस तरह उसे सिराज और उसके प्रस्ताव पर भरोसा हो गया और उनके बीच अक्सर बातचीत होने लगी। 

आरोप है कि विश्वास का फायदा उठाकर सिराज ने एक दिन उसे वीडियो कॉल किया और तभी उसने उसकी अश्लील वीडियो और फोटो बना ली। वहीं वीडियो और फोटो दिखाकर उसने वायरल करने की धमकी दी। कहा कि इसे वायरल करने से रोकने के लिए बदले में तीन लाख रुपये देने होंगे। जिसका विरोध करने पर आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उसने कहा कि वह उसे बदनाम कर देगा।

पीड़िता ने डरकर अपने परिजनों को पूरी घटना बताई और फिर मामले की शिकायत पुलिस से की। इसका पता चलने पर आरोपी सिराज ने उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ा जाएगा।

संबंधित समाचार