बाराबंकी : पिकअप की टक्कर से ई-आटो चालक की मौत, सात घायल
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। गुरुवार सुबह तेज रफ्तार पिकप ने सवारी लेकर जा रहे ई आटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आटो चालक की मौत पर ही मौत हो गई जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। इनमें पांच लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को ग्राम धौखरिया निवासी 30 वर्षीय ऑटो चालक संजीत कुमार पुत्र अनूप लाल ऑटो में सवारियां बैठाकर बाराबंकी से रामनगर की ओर आ रहे था। ई आटो थाना क्षेत्र में गोंडा बहराइच हाईवे स्थित ग्राम मलिहामऊ के निकट पहुंचा ही था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकप ने आटो में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में क्षतिग्रस्त आटो चालक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि चार महिलाओं समेत 7 लोग घायल हो गए। सूचना पाते ही पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला मुन्नी देवी पत्नी जय प्रकाश व उसके 7 वर्षीय पुत्र रितेश निवासी भौका जवारीपुर, रीना पत्नी वृजेश ग्राम हजरतपुर, शिवदेवी पत्नी आलोक ग्राम कटियारा को सीएचसी रामनगर भेजा गया।
वहीं गम्भीर रूप से घायल पिंकू यादव पुत्र मनोहर ग्राम कुतलुपुर को सीएचसी बड़ागांव में भर्ती कराया गया। पांचों लोगों को हालत गंभीर होने से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दो अज्ञात लोगों ने निजी अस्पताल में अपना इलाज कराया। पुलिस ने मृत ऑटो चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
