बरेली : उपभोक्ताओं की कहां सुध, जब माननीयों के कार्य एक साल से लंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पोल, केबल लगवाने से लेकर बिजली लाइनें डलवाने की सबसे अधिक सिफारिशें

बरेली, अमृत विचार: जिले के माननीयों मंत्री, सांसद, विधायक और मेयर के काम भी बिजली विभाग में एक से लेकर दो साल से लंबित पड़े हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं के काम के प्रति बिजली विभाग के अधिकारी कितनी उदासीनता बरतते होंगे, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। जनप्रतिनिधियों की तरफ से 16 पत्र बिजली के पोल लगवाने से लेकर बंच केबल डलवाने और बिजली लाइन बनवाने के लिए अधिकारियों को दिए गए, लेकिन उनमें से चार शिकायतों का ही अधिकारी निस्तारण कर सके है।

कैंट विधायक संजीव अग्रवाल की तरफ से 3 अगस्त 2023 को अधिकारियों को पत्र लिखकर वार्ड नंबर 77,44,21 और 68 में जर्जर तार एवं पोल बदलवाने को कहा गया था। इसका विभाग की तरफ से समाधान कर दिया गया। वहीं बिथरी चैनपुर विधायक डा. राघवेन्द्र शर्मा ने 13 फरवरी 2024 को पत्र लिखकर चित्रगुप्त कॉलोनी करगैना में केबल डलवाने को कहा गया। इसका विभाग की तरफ से अभी तक निस्तारण नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान समय में लाइन विस्तारीकरण के लिए कोई योजना प्रचलित नहीं है, आगे योजना आने पर काम कराया जाएगा, जबकि सरकार की तरफ से करोड़ों रुपये जारी करके योजनाओं के तहत काम कराने को कहा गया है। मेयर उमेश गौतम ने 16 मार्च 2024 को पत्र लिखकर कहा कि गणेशनगर, शिव नगर, संतोषी माता मंदिर, महादेव कॉलोनी में लगभग 50 पोल और एबी केबल डालनी है, लेकिन उसका भी अभी तक समाधान नहीं किया गया है। विभाग की तरफ से कहा गया योजना आने पर काम कराया जाएगा।

वन मंत्री एवं शहर विधायक डा. अरुण कुमार सक्सेना ने भी 5 जून 2024 को पत्र लिखकर वार्ड नंबर 47 में जर्जर पोलों को बदलवाने को कहा। इसके बाद विभाग की तरफ से जर्जर पोल बदलकर समस्या का समाधान कर दिया गया। वही सांसद छत्रपाल गंगवार ने भी 25 नवंबर 2024 को पत्र लिखकर मोहल्ला फूलवाना वाल्मीकि मंदिर से दीवार सिंह के मकान तक एवं वैभव नगर बजरंग ढाबे के पीछे विद्युतीकरण कराने को कहा। इस पर विभाग की तरफ से वर्तमान में कोई योजना नहीं होने की बात कहकर अभी तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया है। इसी तरह अन्य जनप्रतिनिधियों के काम भी लंबे समय से लंबित पड़े है। जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि विभाग में आम उपभोक्ताओं के काम होने में कितना समय लगता होगा।

 

संबंधित समाचार